logo

केंद्र ने झारखंड को पहुंचाई सहायता, झूठ फैलाना बंद करे झारखंड मुक्ति मोर्चा- दीपक प्रकाश

8294news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 

झारखंड प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने झारखंड मुक्ति मोर्चा पर तल्ख टिप्पणियां की हैं। दीपक प्रकाश ने कहा कि झामुमो को झूठ की खेती बंद करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य शासन  की यह मुख्य पार्टी है इसलिये इनके नेताओं को गैर जिम्मेदाराना बयान से बचना चाहिये। दीपक प्रकाश ने कहा कि जनता ने अगर सत्ता सौपी है तो जनता की ईमानदारी से सेवा करनी चाहिये ना कि अपनी नाकामियों को छिपाने के लिये केवल केंद्र पर दोषारोपण करना चाहिए। 

केंद्र सरकार कर रही झारखंड की सहायता
दीपक प्रकाश ने कहा कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री के नेतृत्व में झारखंड को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रही। राज्य सरकार संसाधनों का प्रबंधन भी ठीक से नहीं कर पा रही। परिणामस्वरूप जनता बेहाल है। मरीज तड़प तड़प कर मरने को विवश हैं। दीपक प्रकाश ने कहा कि झामुमो का आरोप बिल्कुल निराधार है। उन्होंने मांग की कि केंद्रीय सहायता का झारखंड सरकार श्वेत पत्र जारी करे सब दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। झामुमो झूठा आरोप लगाती है। 

सहायता पर झामुमो ने राज्य में झूठ फैलाया
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य को 79 हजार रेमेडिसीवीर इंजेक्शन दिया जबकि झामुमो इसे 29 हजार बता कर झूठ फैला रही है। उन्होंने कहा कि यही झारखंड है जहां इस दवा की कालाबाजारी पर गिरफ्तारी हुई है। राज्य सरकार केवल दिखावे के सीआईडी जांच से रफा दफा करना चाहती है। दीपक प्रकाश ने कहा कि यही हाल वैक्सीन का है। वैक्सीन रहते हुए भी सरकार ने गलत बयानी की। कुप्रबंधन की हालत ऐसी है कि अस्पतालों में बेड, वेंटीलेटर की खुले आम बोली लगाई जा रही। दीपक प्रकाश ने आरोप लगाया कि यह सरकार भर्ती मरीजों को भोजन और दवा भी उपलब्ध नही करा पा रही। ये दुर्भाग्यपूर्ण है। 

कुव्यवस्था से जूझ रहा है रिम्स अस्पताल
दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य का सबसे बड़ा अस्पताल रिम्स भी कुव्यवस्था से जूझ रहा है। रिम्स प्रबंधन के पास आवश्यक उपकरणों, दवाइयों के खरीद की शक्ति नही है। टेंडर प्रक्रिया में मरीजों की जान जा रही जबकि कोविड के इस दौर में राज्य सरकार को नियमों को शिथिल कर प्रबंधन को अधिकार देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार वेंटीलेटर का रोना रोती है। सच्चाई यह है कि राजधानी रांची के सदर अस्पताल में 150 वेंटीलेटर  एनेस्थेटिक की बाट जोह रहे हैं। 

राज्य में वेंटिलेटर रखे-रखे खराब हो गये
दीपक प्रकाश ने कहा कि वेंटीलेटर बेड का इस्तेमाल ना होने को अब सरकार की नाकामी मानी जाए या कुप्रबंधन यह झामुमो ही बताये। उन्होंने कहा कि पीएम केअर फण्ड से मिले अन्य ज़िलों के वेंटीलेटर में कबाड़ बने हुए हैं। अभी फिर से केंद्र सरकार ने राज्य को अतिरिक्त 1500 वेंटीलेटर दिए हैं। उन्होंने कहा कि यही हाल ऑक्सीजन प्लांट का है। ये मांग तो खूब करते है परंतु राज्य सरकार बताये की चार जिलों में एक साल बीत जाने के बाद भी ऑक्सीजन प्लांट क्यों नही चालू हुआ। आज केंद्र सरकार की सहायता से सभी जिलों में ऑक्सीजन प्लांट स्थापित हो रहा है। 

बीजेपी और झामुमो के सांसदों के बीच तुलना
शनिवार को झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा था कि प्रदेश में बीजेपी के 16 सांसद हैं। किसी ने भी केंद्र से राज्य के लिए सहायता नहीं मांगी। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और अर्जुन मुंडा भी कोई सहायता नहीं ला पाए। इसका जवाब देते हुए दीपक प्रकाश ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के सभी सांसद दोनों सदनों में सक्रिय रहते हैं। झामुमो बताए कि उनके सांसदों ने संसद में कितना सवाल पूछा। सवाल उठाना तो दूर झामुमो बताए कि उनके सांसद कितने दिन सदन में गए।