logo

मिर्जापुर में गंगा में पलटी नाव रांची, जमशेदपुर के 12 लोग थे सवार, 6 अब भी लापता 

12646news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 

मिर्जापुर के विंध्याचल धाम के अखाड़ा घाट पर बुधवार शाम बड़ा हादसा हुआ। यहां यात्रियों से भरी नाव गंगा नदी में पलट गई। नाव में रांची और जमशेदपुर के भी 12 लोग सवार थे। छह लोगों को बचा लिया गया है लेकिन छह लोग अब भी लापता है। 

3 माह की बच्ची भी लापता
लापता लोगों में एक 3 माह की बच्ची तथा ढाई साल का बच्चा भी है। रांची से धुर्वा निवासी राजेश तिवारी अपनी पत्नी खुशबू और दो बच्ची अलका व रितिका के साथ थे। वहीं जमशेदपुर निवासी दीपक मिश्रा अपनी पत्नी अनीषा मिश्रा, तीन माह की बेटी के साथ थे। साथ ही जमशेदपुर निवासी विकास ओझा, अपनी पत्नी गुड़िया देवी, ढाई साल का बेटा शौर्य और 5 साल का बेटा सत्यम के साथ थे। 

तीन परिवार आपस में रिश्तेदार 
दरअसल राजेश तिवारी, दीपक मिश्रा व विकास ओझा आपस में रिश्तेदार ही हैं। दीपक मिश्रा राजेश तिवारी का साला है और विकास ओझा बहनोई। ये सभी मां विंध्यवासिनी के दर्शन करने गए थे। सोमवार को ये सभी अपनी निजी गाड़ी से गए थे। बुधवार को विंध्याचल धाम  पहुंचे लेकिन इस तरफ गंगा नदी के किनारे कीचड़ था इसलिए सभी नाव से स्नान करने गंगा के उस पार गए थे। वहां से लौटते वक्त यह हादसा हुआ।

इन लोगों की जिंदगी बचाई गई
बचने वालों में राजेश, विकास , दीपक, अल्का , रितिका और नाविक है। वहीँ लापता लोगों में गुड़िया, खुशबू , अनीषा , सत्यम, ढाई वर्ष का बच्चा और 03 माह की बच्ची शामिल है। मिर्जापुर के डीएम प्रवीण लक्षकार ने बताया कि यहां नाव चलाना मना है, जबकि परिजनों ने बताया कि उनको इस बारे में नहीं पता था कि उस जगह पर नाव नहीं चलाया जा रहा है।