logo

साहिबगंज: गंगा नदी में पलटी यात्रियों से भरी नाव, कई लापता

11894news.jpg

द फॉलोअप टीम, साहिबगंज:

जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के सोल बंधा गांव के पास बाढ़ के पानी में एक नाव डूब गई। घटना बीते शाम 7:30 बजे की है। नाव में लगभग 20 लोग सवार थे।  बताया जा रहा है कि 3 से 4 लोग अब भी लापता हैं। जिला प्रशासन की तरफ से कहा जा रहा है कि एक 60 वर्षीय व्यक्ति रामाशीष यादव लापता है। घटना की सूचना मिलते ही उपायुक्त रामनिवास यादव सहित कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया है। दरअसल सीवरेज प्लांट के पास सोल बंधा गांव के लोग नाव से अपने घर जा रहे थे, तभी नाव एक पीलर से टकरा गयी और पलट गई, जिससे 20 लोग पानी में गिर गए। जिनको तैरना आता था वह तैरकर बाहर आ गए, जबकि खबर लिखने तक कुछ लोगों के लापता होने की आशंका है। 

 

लापता लोगों की तलाश जारी 
उपायुक्त ने बताया कि आधिकारिक रुप से एक व्यक्ति लापता है। अब भी लापता लोगों की तलाश जारी है। नाव में अलग-अलग मुहल्ले के लोग थे इसलिए लापता लोगों की सूचना नहीं मिल पा रही है। गोताखोर एवं स्थानीय लोगों की मदद से लापता लोगों की तलाश जारी है। 

 

अंधेरे में हुआ हादसा 
स्थानीय लोगों के अनुसार अंधेरे के कारण ही नाव एक पिलर से टकरा गयी और पलट गई। बीती रात को घटनास्थल पर तमाम वरीय पदाधिकारी पहुंचे थे। उपायुक्त रामनिवास यादव भी पानी में उतर कर लोगों की तलाश कर रहे थे। साहिबगंज में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है।  घरों में पानी घुस गया है।  बाढ़ के कारण लोग नाव से पलायन कर रहे हैं।  ग्रामीण इलाकों में बाढ़ से हालात खराब हैं।  नदी से सटे निचले इलाकों में गंगा का पानी घुस गया है।