द फॉलोअप टीम, हैदराबाद:
नौ सितंबर को 6 साल की बच्ची का दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या करने वाले आरोपी का शव रेलवे ट्रैक पर मिला है। आरोपी के शरीर पर बने टैटू से उसकी पहचान हुई है। तेलंगाना DGP ने इस बात की पुष्टि की है कि शव आरोपी पी राजू (30) का ही है। आरोपी का शव मिलने पर विपक्ष ने सरकार पर पलटवार किया है क्योंकि 2 दिन पहले ही श्रम मंत्री मल्ला रेड्डी ने कहा था कि हम आरोपी को एनकाउंटर में मार देंगे।

एनकाउंटर की बात हुई थी
बता दें कि मल्ला रेड्डी ने मंगलवार को एक कार्यक्रम में कहा था, दुष्कर्म आरोपी के पकड़े जाने के बाद उसे एनकाउंटर में मार दिया जायेगा। उन्होंने कहा था कि बच्ची को न्याय दिलाने के लिए इस मामले का ट्रायल तेजी से होगा। हम पीड़ित परिवार के साथ है। उनकी मदद करने के साथ मुआवजा देने की भी बात कही थी। मलकाजगिरि के कांग्रेस सांसद ने भी आरोपी को एनकाउंटर में मार देने की बात कही थी।

नौ सितंबर को हुआ था दुष्कर्म
बता दें कि नौ सितंबर को बच्ची का रेप के बाद उसका मर्डर हुआ था।शव एक बंद घर में मिला था। इसका आरोप पड़ोसी पी राजू पर लगाथा गया था। घटना के बाद से आरोपी फरार था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तेलंगाना पुलिस की 15 टीमों को महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश में भेजा गया था। राजू पर 10 लाख का इनाम देने का ऐलान भी किया गया था। जनगांव के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घनपुर थाने में पटरी पर एक शव पाया गया, जिसके सिर पर चोट के निशान थे। कुछ स्थानीय लोगों ने सुबह करीब पौने नौ बजे पटरी पर यह शव देखा, जिसके बाद पुलिस वहां पहुंची। अधिकारी ने बताया कि पुलिस को संदेह है कि आरोपी 30 वर्षीय पी राजू ने चलती ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या की। हालांकि, अब तक पुलिस ने कन्फर्म नहीं किया है कि आखिर आरोपी की मौत कैसे हुई।