द फॉलोअप टीम, रांची:
बॉलीवुड अभिनेता शरमन जोशी ने रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। शरमन जोशी के साथ फिल्म की मुख्य अभिनेत्री विदिशा बाग, फिल्म में काम करने वाली स्थानीय कलाकार रितुश्री, निर्देशक आर्यन सक्सेना, प्रोड्यूसर ओवेज शाह और को-प्रोड्यूस बिष्णु शंकर उपाध्याय उपस्थित थे। शरमन जोशी सहित बाकी कलाकारों ने सीएम हेमंत सोरेन से उरी हमले में शहीद जवान की जिंदगी से प्रेरित फिल्म फौजी कॉलिंग के सिलसिले में मुलाकात की। फिल्म 12 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
12 मार्च को रिलीज होगी फौजी कॉलिंग
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात के दौरान अभिनेता शरमन जोशी ने बताया कि फिल्म 2019 में ही बनकर तैयार हो गयी थी लेकिन कोरोना संक्रमण और लॉकडाउन की वजह से रिलीज नहीं की जा सकी। मौके पर हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड में फिल्म निर्माण की काफी संभावनायें हैं। सरकार इस दिशा में बेहतर काम करने की दिशा में लगातार प्रयासरत है। बता दें कि फिल्म फौजी कॉलिंग उरी हमले में शहीद हुये झारखंड के एक जवान की जिंदगी से प्रेरित है। फिल्म की शूटिंग झारखंड के अलग-अलग लोकेशन में की गयी थी।