द फॉलोअप टीम, पानीपत:
पानीपत के थर्मल पावर स्टेशन के पास एक गांव बसा हुआ है जिसका नाम है खुखराना। यहां थर्मल पावर स्टेशन से उड़ने वाली राख से लोग तंग आ चुके थे। अब इसी गांव में करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर सीमेंट बनाने वाले प्लांट लगाया गया है जिससे लोगों का जीना मुहाल हो गया है क्योंकि सीमेंट उड़ने से लोगों को सांस लेने में तकलीफ हो रही है।
2012 में इस गांव को शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया था लेकिन अभी तक गांव शिफ्ट नहीं हुआ है। गांव बसाने के लिए सरकार ने जगह तो दी है लेकिन उस पर काम कछुए की चाल से हो रहा है। इस गांव की एक सबसे बड़ी मुसीबत यह है कि यहां युवकों की शादी नहीं हो रही है। कोई भी इस गांव में अपनी बेटी नहीं देना चाहता। अधिकांश लड़के अविवाहित हैं।
क्या परेशानी है गांव के साथ
गांव में करीब 3000 लोग रहते हैं। इनमें से 90 फीसदी लोग चमड़ी और दमे के रोगी हैं। इस गांव में कोई भी नया मकान नहीं बना रहा है। इसके पीछे दो कारण हैं पहले तो ग्रामीण को यह लग रहा है कि है गांव दूसरी जगह पर शिफ्ट होगा। सालों बीत रहे हैं लेकिन ये गांव शिफ्ट नहीं हो रहा। दूसरा कारण यह है कि इस गांव में वॉटर लेवल बहुत ऊपर है। जिस कारण जमीन भी धंसने का डर है। वॉटर लेवल ऊपर होने का कारण यह माना जा रहा है कि थर्मल पावर स्टेशन से जो राख निकलती है उसका इस्तेमाल सीमेंट में किया जाता है। सीमेंट प्लांट के लिए यह राख की झील में स्टोर की जाती है और इसके साथ पानी भी छोड़ा जाता है। जिस कारण भूमिगत जल इस गांव में रिस रिसकर ऊपर आ गया है। दो प्लांट से उड़ने वाली राख और सीमेंट से लोग चमड़ी रोग से ग्रसित हो रहे हैं। यहाँ हर घर में एक चमड़ी का रोगी जरूर मिलेगा।
गांव में युवकों की शादी नहीं हो रही
ग्रामीण बताते हैं कि यहां युवाओं की शादी नहीं हो रही है। कोई अपनी बेटी का रिश्ता नहीं करना चाहता। चमड़ी के रोग के साथ-साथ इस गांव में दमा और टीबी के भी मरीज हैं। 10 साल से यहां शादी के लिए बहुत ही कम लोग की शादी हुई है। अगर कोई शादी होती भी है तो वह सरकारी नौकरी लगे हुए युवा की ही होती है। ग्रामीणों के रिश्तेदार उनके घर रुकते तक नहीं है। खैर अब यह देखना है कि कब तक इस गांव को शिफ्ट किया जाएगा। लोगों को इस नर्क से कब निजात मिलेगी।