द फॉलोअप टीम, भोपाल:
मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में अजीबो-गरीब घटना हुई। यहां तेज रफ्तार ट्रेन के गुजरने से कंपन हुआ। कंपन इतना ज्यादा था कि प्लेटफॉर्म की बिल्डिंग जमीन पर आ गिरी। प्लेटफॉर्म पर बनी अन्य बिल्डिंगों को भी नुकसान पहुंचा। खिड़कियों में लगा कांच टूट गया। रेलवे कर्मचारी घटना के बाद से काफी दहशत में हैं। गनीमत है कि लॉकडाउन की वजह से प्लेटफॉर्म पर भीड़ नहीं थी।
मध्यप्रदेश के बुरहानपुर की है घटना
ये पूरी घटना मध्य प्रदेश के नेपानगर और असीगढ़ रेलवे स्टेशन के बीच स्थित बुरहानपुर में घटी। पुष्पक एक्सप्रेस नाम की ट्रेन यहां से 110 किमी प्रति घंटा की स्पीड से गुजरी। ट्रेन की रफ्तार से भीषण कंपन हुआ। ट्रेन ने जैसे ही चांदनी रेलवे स्टेशन बिल्डिंग को क्रॉस किया वहां तेज कंपन हुआ। कंपन की वजह से बिल्डिंग का सामने वाला हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। लोगों को कुछ समझ नहीं आय़ा।
ट्रेन की स्पीड और कंपन से गिरी बिल्डिंग
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पुष्पक एक्सप्रेस से गुजरने पर कंपन इतना ज्यादा था कि स्टेशन अधीक्षक के कार्यालय की खिड़िकियों का कांच टूट गया। बोर्ड टूटकर बिखर गया। पूरे स्टेशन में मलबा बिखर गया। वहां तैनात एएसएम प्रदीप कुमार पवार ट्रेन को हरी झंडी दिखाने बाहर आए थे। वे बाल-बाल बच गए। उन्होंने घटना की सूचना एडीआरएण मनोज सिन्हा, खंडवा के एडीएन अजय सिंह, सीनियर डीएन राजेश चिकले को दी। अधिकारियो ने आकर मुआयना किया।
1 घंटे तक रूकी रही पुष्पक एक्सप्रेस ट्रेन
घटना के दौरान पुष्पक एक्सप्रेस को 1 घंटा तक रोक दिया गया। बाकी ट्रेनों की समय सीमा में भी 90 मिनट का फर्क पड़ा। ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों से रवाना किया गया। फिलहाल स्टेशन में केवल भवन को नुकसान पहुंचा है। घटना में किसी के भी हताहत होने की खबर नहीं है। मलबा हटाने का काम जारी है।