द फॉलोअप टीम, रांची:
इलेक्ट्रिक स्कूटर की तरफ लोगों का रूझान काफी बढा है। इससे न सिर्फ ईंधन और पैसों की बचत होती है, बल्कि यह रखरखाव में भी आसान है। इलेक्ट्रिक स्कूटर आपके लिए कितना किफायती साबित होगा, यह उसकी चार्जिंग क्षमता और चार्ज होने में लगने वाले समय पर निर्भर करता है। उचित देखरेख के अभाव में इसकी बैटरी की लाइफ तेजी से खत्म हो सकती है। यहां हम कुछ टिप्स की चर्चा करेंगे जिससे इलेक्ट्रिक स्कूटर की बैटरी बिना जल्दी खराब हुए लंबे समय तक चल सकती है।
बैटरी क्षमता और रेंज को जानना जरूरी
एक्सपर्ट कहते हैं कि इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदते समय आपको इसकी बैटरी क्षमता और रेंज को जानना जरूरी है। यह कितनी दूर तक जा सकती है, इसे राइड के दौरान जांचना चाहिए। अगर कंपनी द्वारा इसकी सही जानकारी नहीं दी गई है, तो आप वोल्टेज द्वारा एंपीयर/घंटे को गुणा कर इसका पता लगा सकते हैं।

चार्ज पूरी तरह से खत्म भी ना हो ज्यादा भी ना हो
इलेक्ट्रिक स्कूटर की बैटरी लंबे समय तक चले, इसके लिए ध्यान रहना चाहिए कि उसकी बैटरी की चार्ज पूरी तरह से खत्म न हो। हर राइड के बाद से चार्ज करना चाहिए। स्कूटर तेज गति से दौड़ाने से भी बचना चाहिए। हमेशा यह ध्यान रखना चाहिए कि बैटरी 10 से 40 प्रतिशत चार्ज से ऊपर ही रहे। इसके साथ ही यह भी ध्यान रखना चाहिए कि इसे ओवरचार्ज न करें। इलेक्ट्रिक स्कूटर की बैटरी को पूरी तरह से चार्ज रखने के लिए इसके इस्तेमाल के साथ ही चार्ज करने की आदत अवश्य बनाएं। वहीं, विद्युत के झटके से बचने के लिए चार्जर में पानी न दें।
सही चार्जर का इस्तेमाल करें
यह भी ध्यान में रखना बेहद जरूरी है कि बैटरी चार्जिंग के लिए सही एवं ओरिजिनल चार्जर का ही इस्तेमाल करना चाहिए। लोकल चार्जर का इस्तेमाल बैटरी की लाइफ के लिए नुकसानदायक ही साबित होगा। लिथियम आयन बैटरी लंबे समय तक चलती है, इसलिए इस्तेमाल में न होने पर भी इलेक्ट्रिक स्कूटर की बैटरी को कम से कम हर 30 दिनों में चार्ज जरूर करना चाहिए। सर्दियों के मौसम में इलेक्ट्रिक स्कूटर को अधिक लंबे समय तक धूप में न रखें। ऑटो एक्सपर्ट इलेक्ट्रिक स्कूटर या बैटरी को सही टेंपरेचर पर रखने की सलाह देते हैं।