द फॉलोअप टीम, दंतेवाड़ा:
नक्सल प्रभावित राज्यों में नक्सली घटनाएं रूकने का नाम नहीं ले रही। तमाम प्रयासों के बावजूद नक्सली खूनी वारदातों को अंजाम देने में कामयाब हो जा रहे हैं। ताजा मामला छत्तीसगढ़ का है। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जंगल में नक्सलियों द्वारा आईइडी ब्लास्ट किया गया। इस घटना में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल का एक जवान शहीद हो गया। जानकारी के मुताबिक सीएएफ के जवान इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे तभी ये आईईडी ब्लास्ट हो गया।
झारखंड में भी हुआ था लैंड माइन ब्लास्ट
गुरुवार को नक्सली वारदात की ये दूसरी घटना है। इससे पहले झारखंड में भी नक्सलियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। झारखंड के चाईबासा जिला स्थित टोपलो थाना इलाके में नक्सलियों ने लैंड माइन ब्लास्ट किया। उक्त घटना में झारखंड जगुआर के तीन जवान शहीद हो गये वहीं 3 जवान गंभीर रूप से घायल हैं। घायल जवानों का इलाज रांची में किया जा रहा है। उन्हें घटनास्थल से हेलिकॉप्टर द्वारा रांची लाया गया था। बीते दो सप्ताह में झारखंड में नक्सली वारदात की ये चौथी घटना थी।
इलाके में काफी सक्रिय हो गये हैं नक्सली
बीते कुछ समय से नक्सली इलाके में काफी सक्रिय हैं। सबसे पहले झारखंड के लोहरदगा जिला स्थित सेरेंगदाग जंगल में नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट किया था। इसमें गुमला जिला का रहने वाला एक जवान शहीद हो गया था। दूसरी घटना गुमला जिला में हुई। गुमला में आईईडी ब्लास्ट में सुरक्षाबल के एक जवान को गंभीर चोट आई थी। इसके कुछ ही दिनों बाद गुमला में ही एक और आईईडी ब्लास्ट हुआ जिसमें एक बकरी चरा रहा एक युवक बुरी तरह से जख्मी हो गया था।