द फॉलोअप टीम, डेस्क:
11 हजार करोड़ रुपये के पीएनबी घोटाले के मास्टरमाइंड फरार हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी (Mehul Choksi) को डोमिनिका पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। मेहुल चोकसी हाल में एंटीगुआ से फरार हो गया था और उसके खिलाफ इंटरपोल ने ‘यलो नोटिस’ जारी किया था। वह बोट से डोमिनिका पहुंचा था। फिलहाल वह डोमनिका पुलिस कस्टडी में है और उसे एंटीगा की रॉयल पुलिस फोर्स को सौंपने की कवायद चल रही है। एंटीगुआ के प्रधानमंत्री के मुताबिक चोकसी को भारत को सौंप दिया जाएगा।
एंटीगुआ में मेहुल चौकसी घुस नहीं सकेगा!
एंटीगुआ के पीएम ने एएनआई से बातचीत में कहा था कि वह चोकसी को वहां घुसने नहीं देंगे। पड़ोसी एंटीगुआ ने भी डोमिनिका से अनुरोध किया है कि वह चोकसी को सीधे भारत को सौंप दें लेकिन डोमिनिका ने अभी कोई आश्वासन नहीं दिया है। हालांकि बात यह चल रही थी कि डोमिनिका चोकसी को एंटीगुआ को सौंप देगा। अब सवाल यह उठता है कि चोकसी को एंटीगुआ में भरपूर कानूनी सुरक्षा मिलती है? इसलिए उसे वहां से वापस लाने में भारत को अधिक समय और पेंचीदगियों का सामना करना पड़ सकता है?
भारतीय अधिकारियों ने प्रत्यर्पण की मांग
मामले में भारत ने कहा है कि उसे भारत को सौंप दिया जाये। इस मामले में कई एजेंसियां डोमिनिका की सरकार के संपर्क में हैं। डोमिनिका की सरकार को बताया जा चुका है कि चोकसी मूल रूप से भारतीय है। यहां की कानून से बचने के लिए उसने नई नागरिकता ली थी। डोमिनिका से कहा गया है कि चोकसी के साथ भारत के भगोड़े नागरिक के तौर पर सलूक किया जाना चाहिए। उसे वहां से निकालने के लिए भारतीय अधिकारियों को सौंप दिया जाना चाहिए, ताकि हिंदुस्तान की जो मोटी राशि उसने लूटी है, उसके लिए उसे भारतीय कानून के सामने पेश किया जाये।
चोकसी को जबर्दस्ती डोमिनिका लाया गया
चोकसी के वकील विजय अग्रवाल ने आरोप लगाया कि चोकसी को एंटीगुआ से जबरदस्ती डोमिनिका ले जाया गया। जॉली हार्बर से उन्हें कुछ लोगों ने उठा लिया था। वह वहां रविवार को था, जबकि सोमवार को पुलिस थाने ले जाया गया। चोकसी जब गायब हो गया था तब उसे खोजने के लिए बड़े स्तर पर तलाशी हो रही थी। एंटीगुआ और बारबुडा ने इंटरपोल यलो नोटिस भी जारी कर दिया था। वह बाद में ट्रेस कर डोमिनिका में पकड़ लिया गया। खबर यह भी है मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण दस्तावेज के साथ एक निजी विमान को डोमिनिका भेजा है। एंटीगुआ और बारबुडा के प्रधानमंत्री गेस्टन ब्राउन ने अपने देश में एक रेडियो शो में इस बारे में जानकारी दी है लेकिन भारतीय अधिकारियों ने इस बारे में आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है।
शनिवार को आई थी पहली तस्वीर
इससे पहले शनिवार को चौकसी की डोमिनिका के जेल से पहली तस्वीर सामने आई थी। सलाखों के पीछे कैद चौकसी स्काई कलर की टी-शर्ट में दिख रहा है। उसके चेहरे पर डर और भय साफ देखा जा सकता है। उसकी बाईं आंख में चोट के निशान भी दिख रहे हैं। उसकी आंख लाल है। साथ ही उसके हाथ में भी चोट के निशान देखे जा सकते हैं। उसके वकीलों ने दावा किया है कि चौकसी से मारपीट की गई है।