logo

हरियाणा के मुख्यमंत्री से मिले पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री, पक रही है नई सियासी खिचड़ी

15504news.jpg

द फॉलोअप टीम, अमृतसर: 

पंजाब में नई सियासी खिचड़ी पक रही  है। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की। पूर्व  मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह खुद मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के आवास पर पहुंचे और मुलाकात की। मुलाकात की तस्वीर सामने आते ही सियासी कयासबाजियों का दौर शुरू हो गया है। 

मनोहर लाल खट्टर से शिष्टाचार मुलाकात
मुलाकात के बाद पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पत्रकारों से बात की। मुलाकात के संदर्भ में जानकारी देते हुए कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इसे शिष्टाचार मुलाकात बताया। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ ये मेरी शिष्टाचार मुलाकात थी। उन्होंने कहा कि हमारा सदस्यता अभियान काफी अच्छा चल रहा है। समय का इंतजारर करेंगे। हम अपने सहयोगियों के साथ पंजाब में सरकार बनाएंगे। 

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने छोड़ी थी कांग्रेस पार्टी
गौरतलब है कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कुछ महीने पहले सीएम पद से इस्तीफा दे दिया। कांग्रेस आलाकमान से मतभेद और नवजोत सिंह सिद्धू से विवाद के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ना केवल मुख्यमंत्री पद बल्कि कांग्रेस पार्टी का भी दामन छोड़ दिया। कैप्टन अमरिंदर सिंह इसके बाद दिल्ली जाकर गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिले। कयास लगाया गया कि वो बीजेपी ज्वॉइन कर सकते हैं। हालांकि, कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि मैं अपनी पार्टी बनाकर चुनाव में उतरूंगा। 

पंजाब में होने वाला है विधानसभा चुनाव
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि अगले कुछ महीनों में पंजाब में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होना है। फिलहाल वहां कांग्रेस की सरकार है, लेकिन लगातार झगड़ा चलता रहता है। कभी सिद्धू रूठ जाते हैं तो कभी चन्नी। बीजेपी यहां सत्ता में वापसी चाहती है। कृषि कानून भी वापस ले चुकी है। आम आदमी पार्टी ने भी जोर लगा दिया है। कहा है कि सरकार बनी तो प्रत्येक महिला को प्रतिमाह 1 हजार रुपया देंगे। देखते हैं कि आगे क्या होता है।