द फ़ॉलोअप टीम, दिल्ली:
आखिर नवजोत सिंह सिद्धू और कैप्टन अमरिंदर सिंह के बीच चल रही तना-तनी पर फिलहाल विराम लग गया है। पंजाब विधान सभा चुनाव में अमरिंदर ही कांग्रेस का चेहरा होंगे। उनकी ही अगुवाई में पार्टी चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस हाईकमान ने इस पर मुहर लगा दी है। पंजाब में कांग्रेस पार्टी के प्रभारी हरीश रावत ने कहा कि आने वाले 2022 के चुनाव में कांग्रेस पार्टी कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में लड़ेगी। यह बयान पार्टी के भीतर ही कुछ नेताओं द्वारा कैप्टन को हटाने की वकालत करने के एक दिन बाद आया है। दरअसल मुख्यमंत्री अमरिंदर और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के बीच सत्ता को लेकर खींचतान चल रही थी। इस बात ने तब तूल पकड़ लिया जब 4 कैबिनेट मंत्री समेत कई विधायक अमरिंदर सिंह को हटाने की वकालत खुल कर करने लगे। उनका कहना था कि मुख्यमंत्री प्रमुख चुनावी वादा पूरा करने में असफल रहे हैं। सिद्धू को भी मुख्यमंत्री के करीबी माने जाने वाले पंजाब के मंत्रियों और विधायकों के एक समूह ने निशाना बनाया। जिन्होंने सिद्धू के दो सलाहकारों की ‘‘कथित राष्ट्र विरोधी एवं पाकिस्तान समर्थक टिप्पणी'' को लेकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और चेतावनी दी कि लगभग छह महीने में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले यह कांग्रेस को भारी नुकसान पहुंचा सकता है।

सिद्धू के समर्थक लगा रहे हैं आरोप
नवजोत सिंह सिद्धू के सलाहकार मालविंदर सिंह माली और प्यारे लाल गर्ग कश्मीर और पाकिस्तान पर अपनी हालिया विवादास्पद टिप्पणियों को लेकर विपक्ष और पार्टी के निशाने पर आ गए हैं। अमरिंदर सिंह ने सिद्धू को अपने सलाहकारों पर लगाम लगाने के लिए कहा था और उनकी टिप्पणी को गलत बताया था, जबकि कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने सोमवार को पूछा था कि क्या ऐसे लोगों को पार्टी में रखा जाना चाहिए।

खुला विरोध हो रहा है अमरिंदर का
पंजाब के मुख्यमंत्री को मंगलवार को प्रतिद्वंद्वी खेमे सिद्धू के समर्थक से खुले विद्रोह का सामना करना पड़ा। चार मंत्रियों तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, सुखबिंदर सिंह सरकारिया, सुखजिंदर सिंह रंधावा और चरणजीत सिंह चन्नी और लगभग 24 विधायकों ने मंगलवार को यहां बाजवा के आवास पर मुलाकात की। यह पूछे जाने पर कि क्या मुख्यमंत्री को हटाने का प्रयास किया जा रहा है, तब बाजवा ने जवाब देते हुए कहा कि यह प्रयास नहीं बल्कि लोगों की मांग है। मुख्यमंत्री के नए चेहरे पर एक सवाल के जवाब में बाजवा ने कहा कि फैसला पार्टी आलाकमान द्वारा लिया जाएगा। बाजवा ने कहा कि वे कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करने और राज्य की राजनीतिक स्थिति से उन्हें अवगत कराने के लिए समय मांगेंगे. उन्होंने कहा कि ‘‘कड़े'' कदम उठाने की जरूरत है और अगर मुख्यमंत्री को बदलने की जरूरत है, तो यह किया जाना चाहिए।