द फॉलोअप टीम, रांची:
मैंने तो आजतक झारखंड देखा तक नहीं है। मैं कैसे सरकार गिरा सकता हूं। मैं महाराष्ट्र बीजेपी का कार्यकर्ता हूं, मेरी औकात ही नहीं कि किसी सरकार को गिरा सकूं। पुलिस मामले की जांच करे, पता नहीं कौन बात बना रहा है। दरअसल ये सारी बातें महाराष्ट्र भाजपा के नेता और पूर्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कही है। जब उनसे पूछा गया कि झारखंड की हेमंत सरकार को गिराने की साजिश में आपका नाम आया है।

आरोपों से किया इंकार
झारखंड में हेमंत सरकार गिराने की साजिश को लेकर महाराष्ट्र भाजपा के नेता और पूर्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले पर गंभीर आरोप लगे हैं। हालांकि इस संबंध में उन्होंने इन आरोपों को सिरे से नकार दिया। उन्होंने कहा कि वो आज तक झारखंड देखा ही नहीं कभी गये ही नहीं। झारखंड सरकार गिराने की साजिश रचने की बात पूरी तरह मनगढ़ंत है। बवनकुले ने कहा कि जो भी चर्चाएं चल रही हैं वह सभी काल्पनिक हैं। उन्होंने कहा कि वे भाजपा के एक मामूली कार्यकर्ता हैं और इस मामले में उनका कोई कनेक्शन नहीं है।

पुलिस ने दर्ज किया है मामला
झारखंड में हेमंत सोरेन की सरकार को अपदस्थ करने के मामले में पुलिस ने फिलहाल तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। दरासल 22 जुलाई की आधी रात से 23 जुलाई को दिनभर पुलिस ने कई होटलों में छापेमारी की। पुलिस ने सरकार गिराने की साजिश रचने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, सभी से पूछताछ की जा रही है। तीन आरोपियों के पास से 2 लाख रुपए बरामद किए गए हैं और महाराष्ट्र के बीजेपी नेताओं का नाम गिरफ्तार आरोपियों ने अपने ब्यान में कहा है ऐसा पुलिस का दावा है।