logo

बच्चों को भी लगाया जाएगा कोरोना का टीका, ऐसा करने वाला पहला देश बना कनाडा

बच्चों को भी लगाया जाएगा कोरोना का टीका, ऐसा करने वाला पहला देश बना कनाडा
द फॉलोअप टीम, डेस्क: 

कनाडा में बच्चों को भी कोविड का टीका लगाया जाएगा। कनाडा में 12 से 15 साल तक के बच्चों का टीकाकरण किया जायेगा। बच्चों को वैक्सीनेशन कार्यक्रम में शामिल करने वाला कनाडा पहला देश बन गया है। जानकारी के मुताबिक यहां बच्चों को अमेरिकी कंपनी फाइजर का टीका लगाया जाएगा। देश में बच्चों के वैक्सीनेशन के लिए फाइजर वैक्सीन को इस्तेमाल की मंजूरी मिल गयी है। 

मुख्य चिकित्सा सलाहकार ने की पुष्टि
कनाडा में हेल्थ विभाग की मुख्य चिकित्सा सलाहकार डॉक्टर सुप्रिया शर्मा ने बच्चों को वैक्सीन लगाने वाली खबर की पुष्टि की। डॉ. सुप्रिया शर्मा ने कहा कि वैक्सीनेशन की मदद से बच्चों को सामान्य जीवन में लौटने में काफी मदद मिलेगी। डॉ. शर्मा ने कहा कि सबूतों के आधार पर ये साबित होता है कि फाइजर वैक्सीन इस कम आयु वर्ग के लोगों के लिए भी काफी प्रभावी है। अमेरिका और यूरोपिय संघ इसकी समीक्षा कर रहा है। वहां भी अगले कुछ हफ्तों में बच्चों को टीका लगाया जा सकता है। 

अमेरिका में फाइजर को मिलेगी मंजूरी
जानकारी के मुताबिक अमेरिका का फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन आने वाले हफ्तों में युवाओं के लिए फाइजर को आपात इस्तेमाल की इजाजत दे सकता है। फाइजर ने पाया है कि उसका वैक्सीन कम आयु वर्ग के लोगों में भी काफी प्रभावी है। इसके लिए 12 से 14 साल तक की आयु वाले 2 हजार 260 बच्चों पर स्टडी की गयी थी। बताया गया कि बच्चों में वैक्सीन काफी प्रभाव था। बच्चों में साइड इफेक्ट के हल्के लक्षण जैसे कि बुखार, सर दर्द, बदन दर्द और थकान दिखा जो चिंता की बात नहीं है। 

महामारी से निपटने के लिए वैक्सीनेशन
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि महामारी से निपटने के लिए वैक्सीनेशन ही एकमात्र कारगर उपाय है। भारत में भी वैक्सीनेशन कार्यक्रम जारी है। यहां वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत 16 जनवरी से की गयी थी। 1 अप्रैल से वैक्सीनेशन का दूसरा चरण शुरू किया गया। 1 मई से तीसरा चरण शुरू किया गया है। कहा जा रहा है कि वैक्सीनेशन के बाद कोरोना महज सर्दी जुकाम ही रह जाता है।