logo

चराग और तेजस्वी की मुलाक़ात के मायने निकालने के सियासी प्रयास तेज

चराग और तेजस्वी की मुलाक़ात के मायने निकालने के सियासी प्रयास तेज

द फॉलोअप टीम, पटना:

मशहूर दलित नेता रामविलास पासवान के निधन के बाद उनकी पार्टी लगातार चर्चा में है। दरअसल उनके भाई पशुपति पारस ने अलगगुट बना लिया और उनके बेटे चराग पासवान अलग हो गए। पार्टी पर अधिकार किसका होगा, जंग जारी है। हालांकि पहले वाली तल्‍खी अब चाचा-भतीजे में दिखलाई नहीं देती। जदयू और भाजपा की ओर से चराग को मिली बेवफाई के बाद राजद ने उन्‍हें अपने पाले में करने की लगातार कोशिश कीहै। अब ताजा खबर है कि चराग खुद राबड़ी आवास तेजस्‍वी यादव से मिलने गए। दोनों ने एक साथ मीडिया से भी बात की।

हालांकि बताया गया है कि चिराग पासवान अपने पिता और दिवंगत केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की पहली बरसी पर पटना में एक कार्यक्रम का आयोजन कर रहे हैं। इसमें शामिल होने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को न्योता दिया है। इसी सिलसिले में बुधवार को उन्होंने बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से मुलाकात की।

सरकारी आवास में चिराग ने बनावा दी पिता की मूर्ति

पिछले 30 साल से जिस आवास पर दिवंगत राम विलास पासवान का परिवार रहता आ रहा है, वह आवास केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को अलॉट हुआ है। लोक जनशक्ति पार्टी के नेता चिराग पासवान को जब यह सरकारी बंगला खाली करने के लिए कहा गया, तो वहां उन्होंने राम विलास पासवान की मूर्ति बनवा दी। राम विलास पासवान की छाती तक का हिस्सा मूर्ति में दर्शाया गया है। मूर्ति में दिवंगत पासवान को नीले रंग के प्रिंस सूट में दर्शाया गया है। उनके चहेरे पर मुस्कान भी दिखाई गई है। इस सरकारी आवास में अब दिवंगत पासवान के बेटे चिराग रहते हैं। उन्हें 23, नॉर्थ अवेन्यू में बंगला आवंटित हुआ है लेकिन इसके बावजूद भी वह उसी बंगले में रहते हैं, जहां पिता रहते थे।

घर खाली करने के नोटिस 

शहरी विकास मंत्रालय के संपदा निदेशालय ने बंगला खाली करने से नोटिस भी भेजा है। केंद्रीय रेल मंत्री को यह आवास आवंटित कर दिया था। लेकिन अब तक चिराग पासवान ने यह आवास खाली नहीं किया। चिराग से जुड़े करीबी सूत्रों से मालूम हुआ है कि चिराग पासवान ने वहां रहने के लिए कुछ वक्त की मोहलत ले ली है। प्रतिमा लगवाने को लेकर लोग इसके गहरे सियासी मायने निकाल रहे हैं। 

राजनीति कर सकते हैं चिराग 

कहा जा रहा है कि भाजपा को डर है कि चिराग इस मुद्दे का राजनीतिकरण कर सकते हैं। भाजपा को पता है कि दलित समुदाय में लोजपा का काफी प्रभाव है और ऐसे महत्वपूर्ण मोड़ पर उनके परिवार का विरोध करना मुश्किल साबित हो सकता है। दरअसल, भाजपा में एक वर्ग को यह भी डर है कि चिराग अपने “राजनीतिक लाभ” के लिए लोगों से सहानुभूति पाने की उम्मीद में 12 जनपथ से बाहर निकलना में दिक्कत पैदा कर सकते हैं।