द फॉलोअप टीम, रांची:
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को अमृतवाहिनी एप और चैटबोट का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने रांची स्थित अपने आवासीय कार्यालय से इसका उद्घाटन किया। कोरोना मरीजों को अस्पताल, बेड और ऑक्सीजन की जानकारी हासिल करने में तकनीकी सहायता पहुंचाने और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श ले सकेंगे। कोविड से जुड़ी भ्रांतियां दूर कर सकेंगे। मरीजों को काफी सहूलियत मिलेगी।
हॉस्पिटल में मिल सकेगी बेड की जानकारी
जानकारी के मुताबिक अमृत वाहिनी एप के जरिए मरीज राज्य के किसी भी जिले में किसी भी सरकारी या निजी अस्पताल में ऑक्सीजन युक्त बेड, आईसीयू, ऑक्सीजन की उपलब्धता या फिर सामान्य बेड की जानकारी हासिल कर सकता है। यही नहीं, अमृत वाहिनी एप के जरिए बेड की बुकिंग भी की जा सकती है। बेड बुकिंग की वैधता 2 घंटे की होगी। यदि इस अवधि में मरीज हॉस्पिटल नहीं पहुंचता तो फिर बेड किसी अन्य मरीज को उपलब्ध करवा दिया जायेगा। अमृतवाहिनी एप गूगल प्ले स्टोर पर मौजूद है। एप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है।
वीडियो कॉल पर मिलेगा चिकित्सीय परामर्श
मुख्यमंत्री ने अमृत वाहिनी एप के साथ-साथ चैटबोट का भी उद्घाटन किया। जैसा कि नाम से ही स्पष्ट है, इस एप के जरिए मरीज या फिर कोई भी नागरिक जरूरी चिकित्सीय सलाह पा सकता है। इसमें वीडियो कॉल की सुविधा भी दी गयी है। मरीज वीडियो कॉल के जरिए विशेषज्ञ डॉक्टरों से हर जरूरी जानकारी हासिल कर सकता है। इसके लिए हेमतं सरकार की ओर से (8595524447) भी जारी किया गया है।
कोविड सर्किट और संजीवनी वाहन की सुविधा
मुख्यमंत्री ने कोरोना मरीजों की सहायता के लिए सबसे पहले कोविड सर्किट का उद्घाटन किया। इसके जरिए मरीजों को अपने जिले में बेड नहीं मिलने पर किसी दूसरे जिले में विशेष तौर पर निकटतम जिले में बेड उपलब्ध करवाया जाता है। मुख्यमंत्री ने ऑक्सीजन की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संजीवनी वाहन की शुरुआत की। अब अमृतवाहिनी एप लांच किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार सीमित संसाधनों में भी मरीजों को समुचित इलाज दिलवाने के लिए तमाम प्रयास कर रही है। साथ मिलकर ही कोरोना को हराया जा सकता है।