logo

जानिये आज असेंबली से अलग मुख्‍यमंत्री ने किन-किन खास लोगों से की मुलाक़ात

12592news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची:

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कई संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुलाकात की। अपनी-अपनी समस्‍याएं साझा कीं। विधायक राजेश कच्छप के नेतृत्व में रांची फुटबॉल एसोसिएशन के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को बताया कि पिछले कुछ सालों से कतिपय कारणों से रांची जिला फुटबॉल लीग आयोजित नहीं हो रही है। एसोसिएशन ने फुटबॉल खेल और खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं और खेल प्रतिभाओं को प्लेटफार्म उपलब्ध कराने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। मौके पर एसोसिएशन के महासचिव संजय कुमार महतो, पवित्रो मित्रा, गंगा लकड़ा, सरोज नाथ महतो, मदन टोप्पो, बब्‍लू, आफताब और प्रदीप मिर्धा मौजूद थे।

फुटबॉल एसोसिएशन और आदिवासी संगठन भी मिला

विभिन्न आदिवासी सामाजिक संगठनों के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से रांची जिले के चान्हो प्रखंड स्थित  सिलागाई में महान स्वतंत्रता सेनानी वीर बुधु भगत तथा आदिवासियों के वर्षों पुराने पूजा स्थल पर एकलव्य विद्यालय के निर्माण कार्य पर रोक लगाने और इसे अन्यत्र स्थानांतरित करने की दिशा में निर्देश देने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की, प्रवीण उरांव, सुभाष मंडल, नारायण उरांव, संजय लोहरा और जयंत कच्छप शामिल थे। 

 

 

दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने की औपचारिक मुलाकात

झारखंड विधानसभा में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने औपचारिक मुलाकात की । इस मौके पर मंत्री आलमगीर आलम, मंत्री बन्ना गुप्ता, मंत्री बादल पत्रलेख और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर मौजूद थे।

 

'शिखर को छूते ट्राइबल्स' पुस्तक का विमोचन

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज संदीप मुरारका द्वारा लिखित 'शिखर को छूते ट्राइबल्स' पुस्तक का विमोचन किया।  इस पुस्तक में उन आदिवासी हस्तियों की जीवनी है,  जो पद्मश्री पुरस्कार  से नवाजे गए हैं। यह पुस्तक तीन भागों में लिखी गई है और यह अंतिम संस्करण है। इस अवसर पर  स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, संदीप मुरारका, संतोष अग्रवाल और मुकेश मित्तल मौजूद थे। 

 

भूमिज भाषा की पढ़ाई सुनिश्चित करने का आग्रह

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज भारतीय आदिवासी भूमिज समाज, पोटका, पूर्वी सिंहभूम के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री से द्वितीय राजभाषा के रूप में घोषित भूमिज भाषा के लिए मैट्रिक तथा इंटरमीडिएट की परीक्षा में अलग कोड जारी करने और झारखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में इसे शामिल करने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय स्तर पर भूमिज भाषा की पढ़ाई सुनिश्चित करने की दिशा में पहल करने का आग्रह किया। मौके पर आदिवासी भारतीय आदिवासी भूमिज समाज के राष्ट्रीय महासचिव दिनेश सरदार, मेया लाल  सरदार, युधिष्ठिर सरदार, स्वप्न सरदार और माणिक सरदार मौजूद थे।