द फॉलोअप टीम, कोलकाता:
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिये कांग्रेस पार्टी ने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की है। पहले चरण की वोटिंग से पहले चुनाव प्रचार के लिए कांग्रेस पार्टी ने 30 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। इस सूची में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, युवा नेता सचिन पायलट, नवजोत सिंह सिद्धू, अभिजीत मुखर्जी और मोहम्मद अजहरूद्दीन शामिल का नाम शामिल है। तीन राज्यों के मुख्यमंत्रियों का नाम भी शामिल है।
तीन राज्यों के सीएम भी स्टार प्रचारक
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल और राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत का नाम भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल है। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, झारखंड के वित्त मंत्री और प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव भी स्टार प्रचारकों में शामिल हैं। पूर्व रेल मंत्री पवन खेड़ा और राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीव सिंह सुरजेवाला का नाम भी इस सूची में है।
8 चरणों में होगा पश्चिम बंगाल चुनाव
बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिये पहले चरण की वोटिंग 27 मार्च को होगी। कांग्रेस पार्टी यहां लेफ्ट पार्टियों के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस-लेफ्ट गठबंधन का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस से होगा। कांग्रेस यहां सत्ता पाने की कोशिश में लगी है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 8 चरणों में मतदान होगा। पहले चरण का मतदान 27 मार्च को होगा वहीं अंतिम चरण की वोटिंग 29 अप्रैल को होगी। चुनाव के परिणाम 2 मई को आयेंगे।