द फॉलोअप टीम, डेस्क:
देश की भूतपूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि है। इंदिरा गांधी की हत्या 31 अक्टूबर साल 1984 को उनके सरकारी आवास पर उनके अंगरक्षकों ने कर दी थी। इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस पार्टी ने यूपी के गोरखपुर में प्रतिज्ञा रैली का आयोजन किया। रैली स्थल पर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और सरदार वल्लभभाई पटेल का आदमकद कटआउट भी लगाया गया। गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा रैली को संबोधित करेंगी।

सोनिया और राहुल गांधी ने दी श्रद्धांजलि
इससे पहले दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी की समाधि पर कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। राहुल गांधी और सोनिया गांधी ने यहां इंदिरा गांधी की समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित किया। इस दौरान वहां कांग्रेस के अन्य नेता भी थे। अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से इस मौके की तस्वीर भी शेयर की गयी जिसमें सोनिया और राहुल गांधी नजर आ रहे हैं।

राहुल गांधी ने ट्वीट कर बताया प्रेरणा-स्त्रोत
राहुल गांधी ने अपने ऑफिशियल ट्विटर पर इंदिरा गांधी की एक तस्वीर साझा कर व्यक्तिगत रूप से भी उनको श्रद्धांजलि दी। लिखा कि मेरी दादी अंतिम घड़ी तक निडरता से देश सेवा में लगी रहीं। उनका जीवन हमारे लिए प्रेरणा-स्त्रोत है। राहुल गांधी ने आगे लिखा कि नारी शक्ति की बेहतरीन उदाहरण श्रीमति इंदिरा गांधी जी के बलिदान दिवस पर विनम्र श्रद्धांजलि। गौरतलब है कि राहुल गांधी का अपनी दादी इंदिरा गांधी से खास लगाव रहा था।

प्रियंका ने दादी के साथ बचपन की तस्वीर साझा की
कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के साथ अपनी बचपन की तस्वीर साझा की। लिखा कि आपका जीवन साहस, निडरता और देशप्रेम का संदेश है। आपका जीवन आदर्शों की राह पर चलते हुए न्याय के लिए लड़ते रहने का संदेश है। गौरतलब है कि यूपी में इस समय मौजूदा बीजेपी सरकार के खिलाफ सबसे ज्यादा मुखर प्रियंका गांधी की वेश-भूषा काफी हद तक इंदिरा गांधी से मिलता-जुलता है।
यह भी पढ़े:-
जब इंदिरा गांधी ने आंखों से आंख मिलाकर निक्सन से कहा था, भारत का अमेरिका बॉस नहीं!
