logo

मंहगाई से गाड़ी चलाना दोभर, कांग्रेस नेताओं ने निकाली साइकिल, कहा- महामारी में भी मुनाफाखोरी में लगी मोदी सरकार

10913news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची:
बढ़ती महंगाई का विरोध आज कांग्रेस ने राज्‍य के सभी जिला मुख्‍यालय में 5 किलोमीटर साइकिल चलाकर किया। जिसमें विधायकों के अलावा संगठन के हर मोर्चा के पदाधिकारी शामिल हुए। प्रदर्शन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुतले का दहन भी किया गया। रांची में रांची महानगर कांग्रेस कमेटी की अगुवाई में निकली साइकिल रैली के दौरान पेट्रोल, डीजल, एलपीजी सिलेंडर, सीएनजी, पीएनजी सहित अन्य जरूरी वस्तुओं के बढ़ते दामों पर रोष व्यक्त किया गया। साइकिल रैली कचहरी चौक होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक तक गई। अल्बर्ट एक्का चौक पर पहुंचे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा, साथ ही अडानी-अंबानी को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया। रैली में जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर, युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी कांग्रेसी ने एक स्वर में मोदी सरकार पर महंगाई बढ़ाने का आरोप लगाया। कहा कि आज संपूर्ण देश की जनता कोरोना महामारी से आहत है। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर से बचाव को लेकर लगे लॉकडाउन के कारण जनता अपना रोजगार और व्यापार सब गंवा चुकी है। इसके बावजूद केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ाकर मुनाफा कमाने काम किया जा रहा है।



महामारी से त्रस्त है जनता 
कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में ऐतिहासिक स्तर पर गिरावट आई है, लेकिन भारत में इसके विपरीत पेट्रोल-डीजल लगातार महंगा होता जा रहा है। जनवरी में पेट्रोल 91.46 रुपये था, जो अब कहीं राज्यों में 105 रुपये तक पहुंच चुका है। जबकि डीजल 81.82 रुपये था, जो अब 95 रुपये से अधिक हो गया है। ऐसा प्रतीत होता है, कि सरकार निष्ठुर होकर जनता को कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट का लाभ नहीं देना चाहती, बल्कि इस कोरोना महामारी के दौर को भी अवसर समझ एक लोभी व्यापारी की भांति जनता से मुनाफाखोरी करने में लगी है।



गलत आर्थिक नीतियों से बढ़ रही महंगाई
कांग्रेसियों का कहना है कि सरकार की गलत आर्थिक नीतियों और बेतहाशा बढ़ती महंगाई के चलते भारतीय रुपये में डॉलर के मुकाबले जो अप्रत्याशित गिरावट हुई है, उसके चलते तेल का आयात और देशों की तुलना में महंगा हुआ है। वहीं घरेलू गैस सिलेंडर के दाम 920 रुपये से अधिक हो चुका है, लेकिन सरकार अपनी विफलता को छुपाने के लिए जनता को ही लूटने में लगी है। आज खाद्य सामग्री से लेकर रोजमर्रा की वस्तुओं एवं निर्माण सामग्री, शिक्षा, स्वास्थ्य सभी इतना महंगा हो चुका है कि आम जनता का जीना मुश्किल हो गया है। इसी क्रम में रैली को महानगर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भी संबोधित किया।