logo

सेंट्रल विस्टा पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस राजस्थान में विधायकों के लिए बना रही आलीशान फ्लैट

सेंट्रल विस्टा पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस राजस्थान में विधायकों के लिए बना रही आलीशान फ्लैट
द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 
केंद्र की महात्वाकांक्षी परियोजना सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट पर बीते काफी समय से लगातार सवाल उठा रही कांग्रेस पार्टी अब खुद ऐसे ही एक मामले में घिरती दिख रही है। कोरोना काल में सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के औचित्य पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस पार्टी खुद ऐसा काम कर रही जिससे उसकी नीयत पर सवाल उठाया जाने लगा है। राजस्थान सरकार जयपुर के ज्योतिनगर में 160 आलीशान फ्लैट्स बना रही है। सवाल वही है कि इसकी भी क्या जरूरत थी अभी। 

राजस्थान में कांग्रेस पार्टी की सरकार है
राजस्थान में इस वक्त अशोक गहलोत के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी की सरकार है। यहां ज्योतिनगर स्थित विधानसभा भवन के पास ही विधायकों के लिए फ्लैट्स बनाए जा रहे हैं। मिली जानकारी के मुताबिक यहां फ्लैट का निर्माण कार्य 20 मई को शुरू किया गया था। राजस्थान हाउसिंग बोर्ड की देखरेख में इन फ्लैट्स का निर्माण किया जा रहा है। प्रत्येक फ्लैट 3200 स्क्वॉयर फीट में बनाया जा रहा है। सभी फ्लैट्स 4 बेडरूम वाले होंगे। इस परियोजना की कुल लागत 266 करोड़ रुपये हैं। 

राजस्थान हाउसिंग बोर्ड बना रहा फ्लैट्स
राजस्थान हाउसिंग बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि जयपुर विकास प्राधिकरण ने 176 फ्लैट बनाने का प्रस्ताव दिया था। राजस्थान हाउसिंग बोर्ड ने 160 फ्लैट के निर्माण को मंजूरी दी। ये प्रोजेक्ट विधानसभा भवन के पास है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक फ्लैट में 4 बेडरूम होगा। अपार्मटेंट में पार्किंग स्पेस भी बनाया जा रहा है जहां एक साथ 1200 गाड़ियां पार्क की जा सकती हैं। परिसर में 12 कमरों वाला छोटा सा गेस्ट हाउस भी बनाया जा रहा है। प्रोजेक्ट को 30 महीने में पूरा करना है। 

सेंट्रल विस्टा को लेकर कांग्रेस का सवाल
केंद्र सरकार की महात्वाकांक्षी परियोजना सेंट्रल विस्टा को लेकर कांग्रेस लगातार सवाल उठा रही थी। ऐसे में राजस्थान कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह से सवाल किया गया कि कोरोना काल में इन फ्लैट्स के निर्माण का औचित्य क्या था। उन्होंने जवाब दिया कि ये प्रोजेक्ट कोरोना आने से पहले ही प्रस्तावित था। फ्लैट्स का निर्माण कानून के दायरे में रहकर ही किया जा रहा है।

जानिए! सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट क्या है
चलिए, इस बीच ये भी जान लीजिए की सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट क्या है। दरअसल, इंडिया गेट से राष्ट्रपति भवन तक राजपथ के दोनों तरफ के इलाके को सेंट्रल विस्टा कहा जाता है। इसकी पूरी लंबाई 3 किमी है। राष्ट्रपति भवन, नॉर्थ ब्लॉक, साउथ ब्लॉक, संसद भवन और रेल भवन जैसे तमाम अहम भवन इसी का हिस्सा हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इनमें से अधिकांश भवनों का निर्माण 1931 से पहले किया गया था। अब सरकार इसमें कुछ बदलाव करना चाहती है। सेंट्रल विस्टा रिडेवलपमेंट प्रोजेक्ट केंद्र सरकार के इस पूरे इलाके के रिनोवेट करने की योजना का नाम है। कहा जा रहा है कि इस परियोजना की पूरी लागत 20 हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे।