logo

तीन घंटे चली CWC की बैठक में जानिये सोनिया और राहुल समेत किसने क्या कहा

13807news.jpg

द फॉलोअप टीम, दिल्ली :
नयी दिल्ली में शनिवार को कांग्रेस वर्किंग कमेटी CWC की बैठक तीन घंटे तक चली। जिसमें अध्यक्ष को लेकर भ्रम दूर हुआ। सोनिया गांधी ने साफ किया कि वह फुलटाइम अध्यक्ष हैं। वहीं राहुल गांधी ने संकेत दिए कि स्थिति बनी तो वह पार्टी की कमान संभाल सकते हैं। बैठक में अशोक गहलोत ने अध्यक्ष पद के लिए राहुल के नाम का प्रस्ताव रखा था, जिस पर सभी सदस्यों ने अपनी सहमति जतायी। यह भी स्पमष्ट  हुआ कि सितंबर 2022 में अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हो सकता है। इसके अलावा जी 23 के  नाम से मशहूर हुए कांग्रेस के रुष्ट नेताओं को भी सोनिया गांधी ने नसीहत दी।

 

CWC/Sonia Gandhi /rahul gandhi

साभार PTI

 

सोनिया और राहुल पर सर्वसम्मति
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा में कांग्रेस के नेता रहे गुलाम नबी आजाद ने कहा कि सोनिया गांधी पर सभी लोगों को पूरा विश्वास है। उनके नेतृत्व पर कभी किसी ने कोई सवाल नहीं उठाया। कांग्रेस के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने कहा है कि पार्टी में अध्यक्ष का चुनाव होने तक राहुल गांधी को पार्टी की कमान संभालनी चाहिए। वहीं, कुछ नेताओं ने कहा कि उन्हें कार्यकारी अध्यक्ष बन जाना चाहिए। अंबिका सोनी ने मीडिया को बताया कि कार्यसमिति की बैठक में शामिल सभी नेताओं की सर्वसम्मत राय थी कि राहुल गांधी ही कांग्रेस पार्टी की कमान संभालें। अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया सितंबर 2022 में शुरू होगी।

 

बैठक में कुल 52 नेता शामिल हुए
वरिष्ठ नेता अंबिका सोनी ने बताया है कि सीडब्ल्यूसी में जी-23 का जिक्र तक नहीं था। कांग्रेस गुटों में बंटी नहीं है, हम एक हैं। बैठक में फैसला लिया गया कि केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ एक नवंबर से पार्टी जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। पार्टी का सदस्यता अभियान देशभर में 31 मार्च 2022 तक चलेगा। बैठक में कुल 52 नेता शामिल हुए। कार्यसमिति की बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह और वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह शामिल नहीं हुए। डॉ मनमोहन सिंह की तबीयत खराब है और वह एम्स में भर्ती हैं।

 

मोदी पर सोनिया ने साधा निशाना

बैठक में सोनिया गांधी ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। किसान आंदोलन, लखीमपुर खीरी हिंसा, महंगाई, विदेश नीति और चीन की आक्रामकता के मुद्दों को लेकर केद्र सरकार को घेरा। कांग्रेस अध्यक्ष ने आगामी विधानसभा चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि सामने कई चुनौतियां हैं। लेकिन  एकजुटता और अनुशासन के बल पर पार्टी अच्छा प्रदर्शन कर सकती है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।