द फॉलोअप टीम, रांची:
हेमंत सरकार को अस्थिर करने की साजिश में पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ा है। इनमें सबसे बड़ी खबर यह आ रही है कि कांग्रेस के ही एक युवा विधायक ने पुलिस को इस संबंध में सूचना 22 जुलाई को दी थी। यह विधायक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के भी बेहद करीबी माने जाते हैं। रोचक यह है कि कुछ दिनों पहले तक इनका नाम भी असंतुष्ट विधायकों में शामिल रहा है।
यह विधायक हैं जयमंगल सिंह
कभी कांग्रेस के कददावर नेता हुआ करते थे, राजेंद्र सिंह। वो बरसों तक कोयलांचल में मजदूरों के भी प्रमुख नेता रहे। कई टर्म मंत्री रहे। उन्हीं के सुपुत्र हैं जयमंगल सिंह। जयमंगल अभी कांग्रेस से बेरमो विधायक हैं। उन्होंने ही रांची कोतवाली थाना में लिखित शिकायत की थी। इसके बाद एफआईआर दर्ज हुई और पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अलबर्ट एक्का् चौक से तीन लोगों को दबोच लिया।

दो आरोपी है सरकारी कर्मचारी
जिन तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके नाम अभिषेक दुबे, अमित सिंह और निवारण प्रसाद महतो हैं। इनमें से दो के बारे में बताया जा रहा है कि वो सरकारी कर्मचारी हैं। इनके खिलाफ धारा 419, 420, 124-ए, 120 बी और 34 सहित पीआर एक्ट की धारा 171 के साथ पीसी एक्ट की धारा 8/9 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस तीनों पूछताछ कर रही है।
और भी हो सकते हैं साजिश में शामिल
गौरतलब है कि स्पेशल ब्रांच को सूचना मिली थी कि राज्य में कुछ लोग हेमंत सरकार के खिलाफ साजिश रच रहे हैं। पुलिस की टीम ने सूचना के आधार पर गोपनीय तरीके से रांची के कई बड़े होटलों में छापेमारी की। पुलिस ने रांची के लोअर बाजार इलाका स्थित एक नामी होटल से तीन लोगों को हिरासत में लिया। इनके पास से पुलिस ने भारी मात्रा में पैसा भी बरामद किया। इन तीन लोगों के अलावा और भी कई लोगों के पकड़े जाने की सूचना है।

पूछताछ में हुआ अहम खुलासा
पकड़े गए लोगों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि विधायकों को लेकर साजिश रची गई थी। विधायकों के खरीद-फरोख्त की कोशिश की जानी थी। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। शुक्रवार को पुलिस ने इस मामले में राज्य के अलग-अलग हिस्सों में जाकर भी जांच की। कुछ दिन पहले ही हवाला कारोबार को लेकर भी पुलिस ने रांची और धनबाद सहित कई जिलों में तलाशी अभियान चलाया था।