logo

कोरोना महामारी ने बच्चों के कोमल मन को अवसाद में डाला, मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ा बुरा प्रभाव

कोरोना महामारी ने बच्चों के कोमल मन को अवसाद में डाला, मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ा बुरा प्रभाव
द फॉलोअप टीम, दिल्ली:

कोरोना काल का प्रभाव हर किसी पर पड़ा है। खासकर बच्चों पर क्योंकि बच्चों के स्कूल बंद है। घर पर रहने से उनके पूरे रूटीन पर प्रभाव पड़ा है। वो अवसाद से घिरते जा रहे हैं। कोरोना और पृथकवास के नियम के वजह से बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। एक शोध के मुताबिक़  41.7% बच्चे अवसाद से घिरे हैं जबकि 34.5% बच्चों में तनाव के लक्षण मिले हैं।



इन वजह से बच्चों पर निगेटिव प्रभाव
रिपोर्ट्स के मुताबिक वहीं  41.4% बच्चों पर कोरोना महामारी का नकारात्मक प्रभाव पड़ा है। एम्स के डॉक्टरों ने बच्चों पर हुए अलग-अलग 15 शोध के विश्लेषण के अध्ययन के बाद यह दावा किया है। कोरोना काल में बच्चों के प्रभावित होने की वजह ये भी है कि वे घर की चाहरदीवारी में कैद हो गए हैं। शारीरिक गतिविधियां बंद हो गई है। कई बच्चों ने तो अपने घर में या आसपास अपनो को खोते देखा है। स्कूल बंद है इसलिए वे बाकी बच्चों से मिल-जुल नहीं पाते। 


भारत सहित 10 देश के बच्चे शामिल
इन शोध में भारत समेत 10 देशों के 22996 बच्चों को शामिल किया गया था। इस विश्लेषण वाले अध्ययन के सह लेखक और एम्स के बाल रोग विभाग के प्रोफेसर डॉ शेफाली गुलाटी ने बताया कि बच्चों पर महामारी के बड़े मानसिक दुष्प्रभाव दिखाई दिए हैं। अध्ययन में शामिल 42.3% बच्चों में चिड़चिड़ापन और 30.8% बच्चों में ध्यान ना लगने की समस्या है। 



कोरोना महामारी से भयभीत हैं बच्चे
बच्चों को खो देने का डर, पारिवारिक की आर्थिक स्थिति, परिजनों की नौकरी जाने, और बीमार पड़ जाने का डर भी बच्चों में साफ देखा जा रहा है। अध्ययन में शामिल 79.4% बच्चों पर महामारी के कारण नकारात्मक प्रभाव पड़ा है और 22.5 परसेंट को कोरोना की वजह से काफी भय भी लग रहा है। वे बदली हुई परिस्थितियों से सामंजस्य नहीं बिठा पा रहे हैं। 



तीसरी लहर में भी बच्चे होंगे प्रभावित
कोरोना के मानसिक स्वास्थ्य पर बुरा असर वाली रिपोर्ट इसलिए भी चिंताजनक है क्योंकि एसबीआई की रिपोर्ट कहती है कि अगस्त महीने में कोरोना की तीसरी लहर दस्तक देगी। सितंबर माह में तीसरी लहर का पीक होगा। ये भी संभावना जताई जा रही है कि कोरोना की तीसरी लहर महामारी की दूसरी लहर से ज्यादा खतरनाक साबित होगी। ये भी अनुमान है कि तीसरी लहर से सर्वाधिक प्रभावित बच्चे ही होंगे। यदि कोरोना की वजह से बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ा है तो परिवार, समाज और सरकारों को समय रहते चेत जाना चाहिए।