logo

कब और कितना गंभीर होगा चक्रवाती तूफान "जवाद"! यहां पढ़िए पूरी जानकारी

15735news.jpg

द फॉलोअप टीम, डेस्क: 
एनडीआरएफ के डीजी अतुल करवाल ने चक्रवाती तूफान जवाद को लेकर कई सारी जानकारियां दीं। उन्होंने बताया कि आधी रात तक चक्रवात डीप डिप्रेशन में बदल जायेगा। चक्रवाती तूफान की वजह से कुछ इलाकों में 3 से 7 सेमी तक बारिश हुई है। अभी तक मोबाइल कनेक्टिविटी में रूकावट या यातायात बाधित होने जैसी बात सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा कि हम स्थिति पर लगातार नजर बनाये रख रहे हैं। हमारी टीम किसी भी आपात स्थिति से निपटने के तैयार है। 

भुवनेश्वर आईएमडी निदेशक ने क्या कहा
ओडिशा चक्रवात जवाद से सबसे ज्यादा प्रभावित हो सकता है। भुवनेश्वर में मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक एचआर विश्वास ने कहा कि बीते 1 घंटे में तूफान को उत्तर की तरफ बढ़ते देखा गया है। अगले 12 घंटे तक ऐसा जारी रहेगा। चक्रवात की तीव्रता में कमी आती जायेगी। कल तूफान पुरी के तटीय इलाकों से टकरा सकता है। टकराने के बाद तूफान धीरे-धीरे कमजोर हो जायेगा। उन्होंने बताया कि हवा की गति 75 किमी प्रति घंटा तक रहने का अनुमान है। 

इन इलाकों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विज्ञान विभाग (भुवनेश्वर) के निदेशक एचआर विश्वास ने कहा कि हवा की गति अधिकतम 75 किमी प्रति घंटा तक होगी। तटीय इलाकों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। हालांकि किसी भी इलाके में भीषण तूफान की चेतावनी नहीं है। भारी बारिश की वजह से जलजमाव होगा, जिसकी वजह से यातायात प्रभावित हो सकता है। तटीय और मौसम के लिहाज से संवेदनशील इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। 

कल शाम तक कमजोर पड़ेगा चक्रवाती तूफान
ओडिशा के राहत आयुक्त प्रदीप कुमार जेना ने बताया कि चक्रवाती तूफान जवाद इस समय विशाखापत्तनम से तकरीबन 210 किमी और पुरी से तकरीबन 390 किमी दूर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। चक्रवात कमजोर पड़ता जा रहा है ऐसे संकेत हैं। उन्होंने बताया कि चक्रवात जवाद रविवार की शाम तक ओडिशा के तटीय इलाकों से दूर चला जायेगा।