logo

ताऊते थमा भी नहीं! अब बंगाल की खाड़ी से तबाही मचाने आ रहा है 'चक्रवाती तूफान यास'

8651news.jpg
द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 
अरब सागर से उठे ताऊते चक्रवाती तूफान का खतरा अभी टला भी नहीं था कि अब बंगाल की खाड़ी से दूसरा चक्रवाती तूफान तबाही मचाने आ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक इस चक्रवाती तूफान का नाम यास है। कोरोना महामारी के बीच ताऊते ने पूर्वी तट के राज्यों में जो तबाही मचाई लोग अभी उससे ठीक से उबर नहीं पाए हैं। इस बीच यास की आहट ने चिंता में डाल दिया है। 

पूर्वी मध्य बंगाल में उठा है चक्रवाती तूफान
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि अंडमान के पास उत्तरी भाग में और पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी में एक और चक्रवाती तूफान बन रहा है। 22 मई को लो प्रेशर की शुरुआत होगी वहीं 23 मई को डिप्रेशन शुरू हो जायेगा। 24 और 25 मई के बीच ये भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील हो जायेगा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक उस तूफान का नाम यास होगा। मिली जानकारी के मुताबिक 26 मई से ओड़िशा और पश्चिम बंगाल में तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश होगी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने सरकार और प्रशासन को तैयार रहने को कहा है। 



उत्तरी पूर्वी भारत की तरफ बढ़ा ताऊते तूफान
इधर ताऊते तूफान गुजरात में भीषण तबाही मचाने के बाद उत्तर भारत की तरफ बढ़ गया है। ताऊते अब उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर के कुछ हिस्सों, मध्य प्रदेश और उत्तरी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में तबाही मचा रहा है। उत्तर पश्चिम भारत में ताऊते तूफान की वजह से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। यूपी के भी अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो रही है। हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दिल्ली, पूर्वोत्तर राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है। 



पूर्व मध्य अरब सागर में उठा था था तूफान ताऊते
चक्रवाती तूफान ताऊते पूर्व मध्य अरब सागर में उठा था। तूफान 17 मई को 185 किमी की रफ्तार से गुजरात से टकराया। गुजरात के तकरीबन 14 तटवर्ती जिलों में तूफान ने भारी तबाही मचाई। तूफान ने गोवा, महाराष्ट्र, केरल और तमिलनाडु में भी भारी तबाही मचाई। महाराष्ट्र में मुंबई के पास सागर में 4 जहाज अनियंत्रित होकर बह गये जिसमें सैकड़ों लोगों के लापता होने की संभावना है। लापता लोगों की तलाश की जा रही है। अब तक तकरीबन 300 लोगों को बचाया गया है।