द फॉलोअप टीम, भोपाल:
भोपाल के गुनगा इलाके में एक घर में बुजुर्ग पिता पर उसके ही बेटे बहु ने एसिड डाल दिया। एसिड से बुजुर्ग बुरी तरह झुलस गया। 70 वर्षीय हमीर सिंह अहिरवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना 19 सितंबर की है। पुलिस ने बुजुर्ग का बयान लेकर बेटे, बहुओं पर एफआईआर दर्ज की है। फिलहाल उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। विवाद डेढ़ एकड़ की जमीन की है। दरअसल बुजुर्ग अपने बेटियों को भी जमीन में बराबर हिस्सा देना चाहते हैं।

टॉयलेट क्लीनर दाल दिया
थाना प्रभारी रमेश राय ने बताया कि हमीर सिंह रतुआ, रतनपुर में रहते हैं। उनकी पत्नी का निधन हो चुका है। उनकी छह बेटियां और दो बेटे हैं। दोनों बेटे और बहू हमीर सिंह के साथ ही रहते हैं। बेटियों की शादी हो चुकी है। बुजुर्ग ने बताया कि उनके पास डेढ़ एकड़ जमीन है, जिसमें वह खेती करते हैं। उनके लिए बेटे-बेटियां बराबर हैं। इसलिए वह बेटियों को भी हिस्सा देना चाहते हैं। इस बात को लेकर उनके बेटे और बहुओं से उनका विवाद होता था। विवाद में बड़े बेटे संजू, बहू सीमा और पूजा ने उनके साथ मारपीट की। इसके बाद टॉयलेट क्लीनर उन पर डाल दिया, जिससे उनके शरीर झुलस गया।

तीन दिन बाद पहुंचे अस्पताल
19 सितंबर की रात हलकी जलन होने पर वह नहाकर सो गए, लेकिन चमड़ी पर टॉयलेट क्लीनर ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। शरीर पर फफोले हो गए। गुरुवार को अस्पताल पहुंचे। मामला एसिड अटैक का होने के कारण अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। अस्पताल पहुंची पुलिस ने हमीर सिंह के बयान के बाद संजू, सीमा और पूजा पर मामला दर्ज किया है।