द फॉलोअप टीम, जोधपुर:
जोधपुर जिले के भावी गांव में खून से लथपथ एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शनिवार की सुबह कुछ महिलाओं ने गांव के तालाब में शव को पड़ा देखा। मृतक की पहचान 32 वर्षीय पप्पूराम के रूप में हुई। शरीर पर धारदार हथियार के कई निशान हैं । महिलाओं ने गांव के लोगों को सूचना दी। लोगों की भारी भीड़ एकत्र हो गई।
स्थानीय लोगों ने किया हंगामा
स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा किया। हालांकि इस दौरान पुलिस की टीम को लोगों के आक्रोश का भी सामना करना पड़ा। लोग अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करने लगे। उन्होंने कहा कि जब तक कार्रवाई नहीं होती शव उठाने नहीं दिया जायेगा। पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
मंदिर परिसर में बिखरा था खून
जहां शव मिला है वहां से लेकर गांव की मंडी में बने एक मंदिर तक खून के निशान है। मंदिर में भी खून मिला है। मृतक की पैंट मंदिर की छत पर मिली है। इससे स्पष्ट है कि मंदिर परिसर में युवक की ह्त्या हुई है और फिर शव को तालाब किनारे फेंका गया है। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़ और शव उठाने से मना कर दिया।
पप्पूराम की तीन छोटी बेटियां
पप्पूराम ट्रक चालक था। परिवार में बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी व तीन छोटी बेटियां है। माता-पिता को बहुत कम नजर आता है। परिजनों के अनुसार बीती रात पप्पूराम करीब दस बजे घर से निकला था। कहा था कि थोड़ी देर में वापस लौट रहा है, लेकिन वह रात भर नहीं लौटा। सुबह उसकी हत्या की खबर मिली।