द फ़ॉलोअप टीम, दिल्ली:
राजस्थान के जयपुर में मानसून की पहली बारिश कहर बनकर आई। रविवार शाम करीब सात बजे मूसलाधार बारिश के बीच गिरी आकाशीय बिजली से 11 लोगों की मौत हो गई। 10 से ज्यादा झुलस गए। बिजली आमेर किले के ठीक सामने 500 मीटर ऊंचाई पर बने वॉच टावर पर गिरी थी। लोग वहां बारिश का मज़ा लेने के लिए पहुंचे थे। फोटो सेशन भी चल रहा था, तभी आकाशीय बिजली गिरी और हादसा हुआ। आधा घंटे तक लाशों के बीच पड़े रहे घायल। घायलों में से जब एक व्यक्ति ने फोन लगाकर पुलिस को सूचना दी, तब बचाव दल मौके पर पहुंचा। आमेर ACP सौरभ तिवाड़ी मौके पर पहुंचे। वहां SDRF की टीम भी बुला ली गईं। स्थानीय लोग भी उनकी मदद में जुट गए।
मोबाइल की फ्लैश लाइट से शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना होने और सूचना मिलने से लेकर रेस्क्यू टीम के पहाड़ी पर पहुंचने तक कभी अँधेरा हो चुका था। मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करना पड़ा। इस बीच ड्रेगन टॉर्च भी मंगवाई गई। इससे अंधेरी पहाड़ियों पर सर्च करना थोड़ा आसान रहा। रातभर चले ऑपरेशन में एक भी घायल पहाड़ियों पर नहीं मिला। यह रेस्क्यू ऑपरेशन सोमवार सुबह सात बजे खत्म हुआ। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के जवानों ने ड्रोन कैमरे से चप्पे-चप्पे पर सर्च करना शुरू किया गया। इस बीच SDRF की दो बटालियनों में मौजूद जवान भी अंतिम सर्च ऑपरेशन में जुट गए। बचाव के लिए 23-23 जवानों की तीन टीमें बनाई गई। इनमें पहली टीम ने बेसुध पड़े लोगों को CPR (कृत्रिम सांस) देना शुरू किया। यह पता लगाना शुरू किया कि घटनास्थल पर कौन जिंदा है और कौन जान खो बैठा है। इसी तरह, दूसरी टीम ने घायलों को स्ट्रेचर और कंधों पर बैठाकर स्थानीय लोगों के साथ नीचे एंबुलेंस तक लाना शुरू कर दिया। घटनास्थल पर एंबुलेंस की 10 गाड़ियां मंगवाई गईं।
27 लोगों को रेस्क्यू कर पहाड़ी से नीचे उतारा गया, इनमें 11 की मौत हो चुकी थी
पुरे रेस्क्यू ऑपरेशन में 27 लोगों को पहाड़ी से उतरा गया। इनमे दो लड़कियों समेत 11 लोग की जान जा चुकी थी। साथ ही घायलों को एसएमएस अस्पताल में भर्ती किया गया। इस बीच पुलिस कमिश्नर आनंद श्रीवास्तव और कलेक्टर अंतर नेहरा सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। सिविल डिफेंसकर्मी महेंद्र सेवदा, बबूल सैन, अशोक गुर्जर और अन्य लोगों ने बताया कि हादसे के बाद तेज बारिश से पहाड़ी पर चट्टानें फिसलन भरी हो गई थीं। यहां से 27 लोगों को रेस्क्यू कर नीचे उतारना बहुत चुनौती वाला काम था। सीढ़ियों पर भी फिसलन थी। ऐसे में टीम के साथियों ने एक दूसरे का हौसला बनाए रखा और घायलों और मृतकों को लेकर नीचे आए।
इन तीन राज्यों में बिजली गिरने से मचा कोहराम
वहीँ देश के कई राज्यों में आकाशीय बिजली का कहर दिखा है। आकाशीय बिजली से उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान में 68 लोगों की मौत हो गई है। जबकि कई लोगों के घायल होने की भी खबर है। यूपी में 22 लोगों के झुलसने की खबर है। वहीं उत्तर प्रदेश में लगभग 200 मवेशियों के भी बिजली के चपेट में आने से मौत हो गई है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया है। वही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पीड़ित परिवारों को तत्काल सहायता राशि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। सबसे ज्यादा मौतें उत्तर प्रदेश से होने की खबर है जिसमें 41 लोगों की मौतें शामिल हैं।
आकाशीय बिजली से कहां और कितनों की गई जान
यूपी सरकार के मुताबिक, प्रयागराज में सबसे ज्यादा 14 लोगों की मौत बिजली गिरने से हुई है। कानपुर,देहात और फतेहपुर में 5-5 मौतें, कौशांबी में 4 लोगों की मौत, फिरोजाबाद में 3 लोगों की मौत, उन्नाव-हमीरपुर-सोनभद्र में 2-2 लोगों की मौत, कानपुर नगर-प्रतापगढ़-हरदोई-मिर्जापुर में 1-1 व्यक्ति की मौतें हुई। वहीं राजस्थान सरकार के मुताबिक जयपुर में 11, धौलपुर में 3, कोटा में 4, झालावाड़ में 1 और बारां में 1 लोगों की मौत हुई है। मध्य प्रदेश से आ रही खबरों के मुताबिक प्रदेश में कुल 7 मौते बिजली गिरने से हुआ है, जिसमें श्योपुर और ग्वालियर जिले में 2 लोगों की मौत और शिवपुरी-अनुपपूर-बैतूल जिलों में एक-एक लोगों की मौत शामिल है।