logo

लोगों की सुरक्षा नहीं बल्कि तुष्टिकरण है हेमंत सरकार की प्राथमिकता- दीपक प्रकाश

8427news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 

झारखंड में स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के तहत लगे लॉकडाउन की अवधि बढ़ा दी गयी है। राज्य में 27 मई तक लॉकडाउन रहेगा। 13 मई को लॉकडाउन का दूसरा चरण खत्म हुआ। नियम के मुताबिक 14 मई से तीसरे चरण की शुरुआत होनी थी लेकिन तीसरा चरण 16 मई से शुरू हो रहा है। इसी बात को लेकर झारखंड की सियासत गर्मा गयी है। विपक्षी पार्टियों के सवाल और सत्ता पक्ष का जवाब जारी है। 

तीन दिन की विशेष छूट पर दीपक प्रकाश का सवाल
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश ने लॉकडाउन के बीच तीन दिनों की विशेष छूट को लेकर राज्य की हेमंत सरकार को आड़े हाथों लिया है। दीपक प्रकाश का कहना है कि सरकार राज्य लोगों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रही है। सरकार लॉकडाउन में भी तुष्टिकरण कर रही है। हेमंत सरकार की प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा की बजाय वोट बैंक की राजनीति करना है। दीपक प्रकाश ने कहा कि सरकार को इन सब बातों से ऊपर उठकर फैसला लेना चाहिए। 

लॉकडाउन में भी तुष्टिकरण कर रही हेमंत सरकार! 
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि सरकार की नीति और नीयत दोनों से पता चलता है कि ये तुष्टिकरण है। उन्होंने कहा कि जब सरकारी आदेश में 13 से 27 मई तक लॉकडाउन की बात कही गयी तो तो फिर ये विशेष छूट क्यों दी गयी। दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य की जनता इस लुका-छिपी के खेल को बखूबी समझती है। दीपक प्रकाश ने कहा कि मुख्यमंत्री सबका होता है। 

विवाह समारोह में संख्या पर लगा प्रतिबंध अव्यवहारिक
दीपक प्रकाश ने कहा कि मुख्यमंत्री पूरे राज्य का प्रधान होता है ना कि किसी जाति या समुदाय विशेष का। उन्होंने कहा कि सरकार के इस फैसले में भेदभाव साफ झलक रहा है क्योंकि इसका डीएनए ही ऐसा है। उन्होंने कहा कि पिछले साल भी सरकार ने ऐसा भेदभावपूर्ण फैसला किया था। जनता को सब याद है। दीपक प्रकाश ने कहा कि विवाह समारोह में भी संख्या पर लगाया गया प्रतिबंध अव्यवहारिक है। दीपक प्रकाश ने कहा कि सरकार को अपने फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए।