द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
किसान आंदोलन को कई महीने बीत चुके हैं। वो तस्वीरें जेहन में अब भी ताजा है जब गणतंत्र दिवस के दिन दिल्ली की अलग-अलग सीमा से किसान राजधानी दिल्ली में घुस आये थे। इस बीच गणतंत्र दिवस के उग्र प्रदर्शन के बाद दिल्ली सरकार ने किसानों को प्रदर्शन की इजाजत दी है। मिली जानकारी के मुताबिक किसान 22 जुलाई से 9 अगस्त तक प्रदर्शन कर सकते हैं। बता दें कि 9 अगस्त संसद के मानसून सत्र की आखिरी तारीख भी है। गौरतलब है कि दिल्ली आपदा प्रबंधन अथॉरिटी ने कुछ शर्तों के साथ किसानों को प्रदर्शन की इजाजत दी है। इस मसले को लेकर केंद्र और केजरीवाल सरकार में टकराव की संभावन बन सकती है।

राकेश टिकैत जंतर-मंतर पर पहुंचे
बात गुरुवार की करें तो किसानों का एक जत्था दिल्ली आया। भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत जंतर-मंतर पहुंचे। इससे पहले राकेश टिकैत किसानों के जत्थे के साथ जंतर-मंतर पर भी पहुंचे थे। कहा जा रहा है कि जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में 200 किसान शरीक होंगे। यहां किसान, किसान संसद लगाएंगे। उनको दिल्ली में रैली की इजाजत नहीं दी गई है। राकेश टिकेत ने कहा कि हमारी नजर है कि मानसून सत्र में सरकार क्या करती है। गौरतलब है कि किसान संसद द्वारा पारित तीन कृषि बिल के खिलाफ बीते नवंबर महीने से ही प्रदर्शन कर रहे हैं।

इस शर्त पर किसानों को मिली इजाजत
दिल्ली सरकार द्वारा इजाजत मिलने के बाद कृषि कानून के विरोध में किसान सिंधु बॉर्डर सहित अलग-अलग सीमा पर प्रदर्शन कर रहे थे। किसानों के प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली के जंतर-मंतर सहित दिल्ली-हरियाणा सीमा पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। गौरतलब है कि पुलिस ने किसानों को इस शर्त पर दिल्ली में दाखिल होने की इजाजत दी है कि वे रैली नहीं निकालेंगे। ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि खबरें थी कि किसान संसद तक रैली निकाल सकते हैं।