द फॉलोअप टीम, डेस्क:
उत्तर प्रदेश में कुछ ही महीनों में विधानसभा का चुनाव होना है। वहां चुनावी मौसम जवां हो चुका है। इस बीच प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के एक ट्वीट से बवाल खड़ा हो गया है। अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से किए गए एक ट्वीट में कैशव प्रसाद मौर्य ने मथुरा-काशी का जिक्र छेड़ सियासी गरमी पैदा कर दी है। अब इस आग में प्रत्येक पार्टी अपनी-अपनी रोटी सेंकने लगी है। सबसे पहले तो आप ये जान लीजिए कि केशव प्रसाद मौर्य ने क्या कहा।
केशव प्रसाद मौर्य ने ट्विटर पर क्या लिखा
केशव प्रसाद मौर्य ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर लिखा कि अयोध्या काशी भव्य मंदिर निर्माण जारी है। मथुरा की तैयारी है। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा अयोध्या में राम मंदिर का रास्ता साफ कर दिया गया। वहां मंदिर निर्माण की आधारशिला रखी जा चुकी है। युद्धस्तर पर मंदिर का निर्माण कार्य जारी है। बनारस में भी काशी विश्वनाथ मंदिर का पुनरूद्धार कार्य जारी है। ये भारतीय जनता पार्टी का हमेशा से ही मुख्य एजेंडा रहा है।

मथुरा में भव्य कृष्ण मंदिर निर्माण की प्रतीक्षा
इस बीच मथुरा में भी भव्य कृष्ण मंदिर की बात कही जाती है। भारतीय जनता पार्टी औऱ तमाम हिंदुत्ववादी संगठनों का मानना है कि मथुरा में कृष्ण के जन्मस्थल के सामने मुगल काल में मस्जिद बना दिया गया। मथुरा कृष्ण से जुड़ी नगरी है। हमें इसका पुराना गौरव लौटाना है। यही वजह है कि बीजेपी के नेता गाहे-बगाहे ये मसला छेड़ देते हैं। केशव प्रसाद मौर्य के बयान को लेकर सियासी गरमा-गरमी तेज है। मुस्लिम धर्मगुरुओं ने नाराजगी जताई है। विपक्षी नेताओं ने विधानसभा चुनाव से पहले तुष्टिकरण का आरोप लगाया है। बयानबाजियां जारी हैं।
बीजेपी के लिए मथुरा-काशी चुनावी मुद्दा नहीं
इस बीच अपने ट्वीट पर कैशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। वाराणसी में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर परियोजना पर काम जारी है। हमलोग अब मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि पर एक राम मंदिर के निर्माण की प्रतीक्षा कर रहे हैं। तुष्टिकरण के आरोपों पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बीजेपी के लिए ये चुनावी मुद्दे नहीं हैं।