logo

पिंजड़ा तोड़ कार्यकर्ता देवांगना, नताशा और आसिफ को जल्द करें रिहा, दिल्ली हाईकोर्ट का आदेश

पिंजड़ा तोड़ कार्यकर्ता देवांगना, नताशा और आसिफ को जल्द करें रिहा, दिल्ली हाईकोर्ट का आदेश
द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

दिल्ली उच्च न्यायालय ने पिंजड़ा तोड़ कार्यकर्ता देवांगना कलिता, नताशा नरवाल और आसिफ इकबाल तन्हा को जल्द रिहा करने का आदेश जारी किया है। इन दिनों को दिल्ली हाईकोर्ट ने बीते 15 जून को ही जमानत दी थी। जमानत देते वक्त दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा की गई टिप्पणी काफी सुर्खियों में रही थी। दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा था कि विरोध में उठे स्वर को दबाने की जल्दीबाजी में केंद्र सरकार भूल जाती है कि अभिव्यक्ति की आजादी और आतंकवाद में फर्क होता है। 

दिल्ली हिंसा मामले में हुई थी गिरफ्तारी
गौरतलब है कि फरवरी 2020 में संसोधित नागरिकता कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान 24 फरवरी को उत्तरी-पूर्वी दिल्ली में हिंसा भड़क गई थी। हिंसा में तकरीबन 53 लोगों की मौत हो गई थी वहीं तकरीबन 200 लोग घायल हो गए थे। मामले में दिल्ली पुलिस ने जवाहरलाल यूनिवर्सिटी की दो छात्राओं देवांगना कलिता और नताशा नरवाल को गिरफ्तार किया था। जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी के छात्र आसिफ इकबाल तन्हा को भी मामले में गिरफ्तार किया गया था। दिल्ली पुलिस ने तीनों को गैरकानूनी गतिविधि निरोधक कानून (UAPA) के तहत गिरफ्तार किया था। दिल्ली हाईकोर्ट ने इस पर सख्त टिप्पणी की थी। 

दिल्ली हाईकोर्ट ने जल्द रिहाई का आदेश दिया
पिंजड़ा तोड़ कार्यकर्ता नताशा नरवाल, देवांगना कलिता और आसिफ इकबाल तन्हा को जमानत मिलने पर तीनों के परिजनों ने खुशी व्यक्त की थी। उनका कहना था की यूएपीए की धाराएं लगने पर उन्हें काफी चिंता थी। देवांगना कलिता की मां ने तो कहा कि हमने लंबी लड़ाई की तैयारी की थी। नताशा नरवाल के पिता का देहांत उस वक्त हो गया जब वो तिहाड़ जेल में बंद थीं। नताशा के भाई ने कहा कि परिवार ने काफी दुख सहा। बहन नताशा ने काफी हिम्मत दिखाई। वहीं आसिफ इकबाल तन्हा की मां ने कहा कि सुनवाई से पहले वो सो नहीं पाई थीं। 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया था स्वागत
बता दें कि नताशा, देवांगना और आसिफ इकबाल को जमानत मिलने के फैसले का स्वागत झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी किया था। उन्होंने पिंजड़ा तोड़ के तीनों कार्यकर्ताओं के संघर्ष को सलाम किया था। उन्होंने कहा था कि अभिव्यक्ति की आजादी को कुचलने की कोशिश लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाएगी। हालांकि, सीएम हेमंत सोरेन ने बयान की आलोचना भी हुई थी।