logo

डॉ. ओपी आनंद पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार, स्वास्थ्य मंत्री पर अभद्र टिप्पणी पड़ा महंगा

डॉ. ओपी आनंद पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार, स्वास्थ्य मंत्री पर अभद्र टिप्पणी पड़ा महंगा
द फॉलोअप टीम, सरायकेला: 
111 सेव लाइफ अस्पताल के प्रबंधक को जांच टीम के साथ की गई अभद्रता और स्वास्थ्य मंत्री को अपशब्द कहना भारी पड़ सकता है। एसपी के निर्देश पर आरआईटी थाने में इस मामले में रिपोर्ट दर्ज हुई थी। जल्द ही डॉक्टर की गिरफ्तारी हो सकती है। डॉ. ओपी आनंद ने आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। 

स्वास्थ्य मंत्री पर की थी अभद्र टिप्पणी
बीते शनिवार को डॉ. ओपी आनंद पर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के मौखिक आदेश पर जांच को पहुंचे सिविल सर्जन और दो अन्य पदाधिकारियों के साथ बदसलूकी करने का आरोप लगा था। साथ ही डॉक्टर ओपी आनंद ने एक वीडियो के जरिये स्वास्थ्य मंत्री और जांच अधिकारियों के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग किया था। यह मामला काफी चर्चित था। डॉ. ओपी आनंद ने स्वास्थ्य मंत्री को पीटने की धमकी दी थी। 

पुलिस अधीक्षक ने भी लिया था संज्ञान
इस मामले पर एसपी ने संज्ञान लेते हुए आरआईटी थाने में कांड संख्या 68/ 21 के तहत धारा 341, 323, 340, 304, 506 और 188 के तहत मामला दर्ज किया है। उन्हें 48 घंटों के अंदर  जवाब देने को बोला गया था।

डॉ. ओपी आनंद ने बयान पर माफी मांगी
डॉक्टर ओपी आनंद ने एक वीडियो के माध्यम से अपने बयान पर माफी मांगी थी। जांच अधिकारियों पर जबरन परेशान करने का भी आरोप लगाया था। मंगलवार को डीसी के नाम एक सूचना अपने अस्पताल के गेट पर चस्पा कर उन्होंने एक नए विवाद को जन्म दिया। डॉक्टर ने जिले के उपायुक्त से अस्पताल में इलाजरत मरीजों को अन्यत्र शिफ्ट करने की बात कही थी साथ ही नए मरीजों को भर्ती करने से मना कर दिया था।

एडीसी की अगुवाई में पहुंची थी जांच टीम 
बुधवार को सिविल सर्जन के पत्र के आलोक में एडीसी सुबोध कुमार की अगुवाई में आठ सदस्यीय जांच टीम सरायकेला-खरसावां के आदित्यपुर स्थित 111 सेव लाइव अस्पताल पहुंची। टीम ने यहां जांच की। इस दौरान मंगलवार को जिले के उपायुक्त से इलाजरत मरीजों को अन्यत्र शिफ्ट किए जाने की सूचना चस्पा किए जाने के सवाल पर एडीसी ने कहा कि उन्हें जिस संबंध में जांच की जिम्मेदारी दी गई है, उसी विषय पर सवाल किया जाए। फिलहाल जांच टीम को 72 घंटों में रिपोर्ट सौंपनी है।