logo

Jharkhand Monsoon: 19 जून तक प्रदेश के सभी जिलों में बारिश, मौसम विभाग ने दी वज्रपात की चेतावनी

9837news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची:

झारखण्ड में मानसून ने दस्तक दे दी है। मानसून अब तकरीबन पूरे देश को भिगो रहा है।  उत्तर पूर्वी राज्यों में झमाझम बारिश हो रही है। राजधानी रांची में रह रह कर छिटपुट बारिश हो रही है। झारखण्ड के कई इलाको में लगातार बारिश हो रही है। गिरिडीह, कोडरमा, चतरा और पालमू जिले के कुछ भागों में अगले दो से तीन घंटे में गर्जन तथा वर्ज्रपात के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। 

मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क और सावधान रहने की अपील की है। कहा गया है कि बारिश और मेघ गर्जन के दौरान पेड़ के नीचे ना रहें। बिजली के खंभों से दूर रहें।  किसान अपने खेतों में ना जाए और मौसम सामान्य होने पर ही खेतों में जाए। 

19 जून तक सभी जगह बारिश 
16 से  19 जून तक राज्य के लगभग सभी जिलों में बारिश होगी।  1 से 15 जून के बीच का सामान्य वर्षापात 73.3 मिमी रहता है, जबकि इस दौरान वास्तविक वर्षापात 137.1 मिमी हो चुकी है।  15 दिनों में सामान्य से 79 प्रतिशत अधिक बारिश हुई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग रांची के अनुसार अगले 3-4 दिनों में तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम ऐसा ही बना रहेगा। 

कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश 
उत्तर प्रदेश के पूर्वी भाग, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल समेत पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना आज भी बनी हुई है। वहीं दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान के उत्तरी हिस्सों में आज छिटपुट बारिश हो सकती है। दक्षिण भारत के राज्यों और महाराष्ट्र तथा मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।