logo

महावत की मौत पर भावुक हुआ हाथी, इंसान से जानवर का ऐसा प्रेम देख आप भी रो देंगे

महावत की मौत पर भावुक हुआ हाथी, इंसान से जानवर का ऐसा प्रेम देख आप भी रो देंगे
द फॉलोअप टीम, त्रिवेंद्रम:
इंसान और जानवर का रिश्ता काफी अनोखा है। दोनों का याराना भी बेहद पुराना है। इंसान जानवर से जितना प्यार करता है वो उसे उतने लंबे वक्त तक याद रखता है। ऐसे में जब एक मालिक इस दुनिया को छोड़ चला जाता है तो उसके जानवर पर क्या असर होता है ये केवल वही समझ सकता है। 

वायरल हो रहा है वीडियो
इंसान और जानवरों के बीच प्यार का भी अटूट रिश्ता हो सकता है इसकी बानगी एक वीडियो में दिखी।  एक हाथी अपने महावत के शव के पास भावुक खड़ा दिखाई दे रहा है। हाथी अपने महावत के अंतिम दर्शन करने के लिए पहुंचा था। वो शव के पास खड़ा होकर उसे छूने की कोशिश करता रहा। इस पूरे दृश्य की वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल है। यह वीडियो केरल के कोट्टायम जिले का है।

25 साल से हाथी था साथ
3 जून को 74 वर्षीय दामोदरन नायर नामक व्यक्ति की कैंसर से मौत हो गई। दामोदरन के पास ब्रह्मदत्तन नाम का हाथी था। 25 सालों से हाथी दामोदरन के पास ही था। हाथी का अपने महावत के प्रति बेहद लगाव था। जिस दिन महावत का निधन हुआ उस दिन हाथी को 20 किलोमीटर की दूरी से दामोदरन के घर लाया गया। उसका इंतजार किया जा रहा था। हाथी अपने मालिक के शव को देखकर भावुक हो गया। उसने सूंड उठाकर कई बार दामोदरन को सम्मान दिया। वो कुछ देर खड़ा रहा। लोग दामोदरन के लिए हाथी का प्यार देखकर रोने लगे। लोगों को रोता देख कर हाथी वहां से चुपचाप वापस चला गया।

लोगों ने दी अपनी प्रतिक्रिया
इलाके के लोगों ने बताया कि दामोदरन एक ऐसे महावत थे जिन्होंने आज तक हाथियों को मारा नहीं, उन्हें बस प्यार ही किया है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि महावत का बेटा हाथी को छूते हुए भावुक हो जाता है। वो हाथी की सूंड को पकड़कर रोने लगता है। हाथी इतनी भारी भीड़ के बीच भी  किसी को नुकसान नहीं पहुंचाता। सबको रोता देख हाथी धीरे-धीरे वापस चला जाता है। लोग इस वीडियो पर तरह तरह की प्रतिकिया दे रहें हैं। किसी का कहना है कि हम हाथी की भाषा तो नही समझ सकते लेकिन उसकी भावनाओं को समझा जा सकता है। वहीं कोई लिख रहा है कि वाकई यह दिल छू लेने वाला दृश्य है। कोई लिख रहा है हाथी सबसे प्यारा और वफादार जानवर है।