द फॉलोअप टीम, हजारीबागः
हजारीबाग भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने भवन निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर रामदेव पटेल को 70 हजार घूस लेते रंगेहाथों गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि सिविल कोर्ट परिसर में अप्रोच रोड पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य के अंतिम बिल को पास करने के लिए रामदेव ने एक लाख रुपये की मांग की थी। पटेल ने ठेकेदार सफीउल्लाह से घूस की मांग की थी, लेकिन ठेकेदार घूस देने को तैयार नहीं था। ठेकेदार को बार-बार दौड़ाया जा रहा था, इसलिए उसने तंग आकर एसीबी के पास इसकी शिकायत कर दी।

घूस लेते पकड़ाये
एसीबी की टीम ने जांच शुरू की तो मामला सही पाया गया। बुधवार की सुबह ठेकेदार इंजीनियर को 70 हजार रुपया घूस देने पंहुचा था, तबी एसीबी की टीम ने 70 हजार रुपये रिश्वत लेते पटेल को गिरफ्तार कर लिया। एसीबी डीएसपी विजय शंकर ने बताया कि एके इंटरनेशनल होटल में पार्टी चल रहा था। पटेल पार्टी छोडकर होटल से नीचे उतरा। वह जैसे ही ठेकेदार के हाथ से रुपया ले रहा था वैसे ही उसे दबोच लिया गया.
क्या है मामला
दरअसल लाइफ एंड कंपनी को काम मिला था सिविल कोर्ट में अप्रोच रोड मालखाना भवन और प्रशासनिक भवन के बीच पेवर्स ब्लॉक लगाने का । जिसका खर्च करीब 40 लाख 90 हजार 500 रुपये थी काम लगभग पूरा हो गया था। इसका सुपरविजन भवन निर्माण विभाग एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर ने किया था। ठेकेदार को अंतिम बिल भुगतान नहीं किया गया था। इसी बिल के भुगतान के लिए पटेल 1 लाख रुपये मांग रहा था।