logo

इंजीनियरिंग के छात्रों ने 5 महीने में बना ली सोलर कार, धूप और बैट्री दोनों से चलेगी 100 KM 

इंजीनियरिंग के छात्रों ने 5 महीने में बना ली सोलर कार, धूप और बैट्री दोनों से चलेगी 100 KM 

द फॉलोअप टीम, अलवर: 
राजस्थान के अलवर जिले में स्थित लक्ष्मी देवी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एण्ड टेक्नॉलोजी कॉलेज के इंजीनियरिंग छात्रों ने फोर सीटर इलेक्ट्रिक कार तैयार की है। देखने में यह गोल्फ कार की तरह है। अभी तक बहुत-सी ऑटोमोबाइल कंपनियां इलेक्ट्रिक कार बनाकर बाजार में उतार चुकी है, लेकिन युवाओं की बनाई गई ये कार अन्य गाड़ियों की तुलना में बहुत सस्ती और ईको फ्रेंडली है। 


7 छात्रों की टीम ने किया है तैयार
7 छात्रों की टीम ने यह कार 75 हजार रुपए की लागत से तैयार की है। खास बात है कि यह कार बिजली से चार्ज होने के साथ-साथ सोलर एनर्जी से भी चल सकती है। कार एक बार में फुल चार्ज हो जाए तो यह 100 से 110 KM तक की दूरी तय कर सकती है। प्रोजेक्ट के टीम लीडर अंकित कुमार ने बताया कि इसे 7 स्टूडेंट्स की टीम ने मिलकर तैयार किया है और इस टीम ने मात्र 5 महीने में हीं पूरे प्रोजेक्ट को पूरा कर दिया।  
स्मार्ट पार्किंग का मोडल बनाते देख HOD बोले भविष्य के लिए हुए कुछ बड़ा करो 
ग्रुप लीडर ने बताया कि पहले तो उनकी टीम एक स्मार्ट पार्किंग का छोटा-सा मॉडल तैयार कर रही थी, ताकि जल्दी से प्रोजेक्ट पूरा कर कोर्स खत्म किया जा सके। कॉलेज में इलेक्ट्रिकल डिपार्टमेंट के ऐचओडी रजनीश कुमार मित्तल ने स्टूडेंट्स को भविष्य को ध्यान में रखते हुए कुछ बड़ा करने की सलाह दी और कहा कि दुनिया में सबसे ज्यादा जिस चीज को लेकर क्राइसिस है, उस समस्या से कैसे निपटा जाए, उसे ध्यान में रखकर प्रोजेक्ट बनाना चाहिए। उनकी बात और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के चैलेंज को देखते हुए टीम ने इलेक्ट्रिक कार बनाने का निर्णय लिया।

भविष्य में पेट्रोल-डीजल से हटकर लोग सोलर एनर्जी की ओर होंगे डायवर्ट
स्टूडेंट्स के गाइड प्रोफेसर सोनू मनधेरना ने बताया कि मौजूदा समय में पेट्रोल-डीजल की खपत तेजी से हो रही है। एक समय आएगा जब नेचुरल ईंधन खत्म होने लगेगा। तब लोग भविष्य में सोलर एनर्जी और बिजली से चलने वाली गाड़ियों का इस्तेमाल करेंगे। वर्तमान में इसकी शुरुआत भी हो चुकी है। भारत सहित दूसरे देशों में लोग इलेक्ट्रिक गाड़ियां खरीद रहे हैं। जयपुर में भी बड़ी संख्या में लोग इलेक्ट्रिक गाड़ियां लेना पसंद कर रहे हैं।

ये हैं टीम का हिस्सा 
ग्रुप लीडर अंकित कुमार के अलावा उनकी टीम में मोहित मीणा, मनोज वर्मा, नवन डबास, गौरव कुमार, मनोज सैनी और श्वेता सेरवाल भी थी। ये सभी कॉलेज के फाइनल ईयर स्टूडेंट्स हैं।