द फॉलोअप टीम, पुणेः
प्रसिद्ध इतिहासकार, लेखक और थिएटर के दिग्गज बलवंत मोरेश्वर उर्फ बाबासाहेब पुरंदरे का निधन हो गया है। सोमवार की अहली सुबह ही उन्होंने दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सुनते ही हजारों प्रशंसक उनके पुणे स्थित घर के बाहर पंहुच गए, जहां उनके शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। एक अधिकारी ने बताया कि पुरंदरे का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जताया दुख
प्रधानमंत्री ने ट्वीट करते हुए कहा- इस दर्द को वह शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकते। बाबासाहेब अपने व्यापक कार्यों के कारण हमारे बीच हमेशा जीवित रहेंगे। उनके निधन से इतिहास और संस्कृति की दुनिया में एक बड़ा शून्य हो गया है। उनकी किताबों के आने वाली पीढ़ियां छत्रपति शिवाजी महाराज से जुड़ेंगी। उनके कार्यो को हमेशा याद किया जाएगा।

कई राजनेताओं ने शोक वयक्त किया
बाबासाहेब पुरंदरे की निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, उपमुख्यमंत्री अजीत पवार, कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले, राकांपा प्रमुख शरद पवार, भारतीय जनता पार्टी के नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र फडणवीस, राज ठाकरे, राज्य और केंद्रीय मंत्री, रंगमंच की दुनिया के लोगों ने शोक व्यक्त किया।
पद्म विभूषण से सम्मानित
बाबासाहेब पुरंदरे 99 वर्ष के थे। वह निमोनिया से ग्रसित थे। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया था। लेकिन इसके बाद उनकी सेहत में कोई सुधार नहीं दिखा और हालत लगातार बिगड़ती ही चली गई। बाबासाहेब ने छत्रपति शिवाजी पर कई किताबें लिखीं और अपना जीवन इतिहास और शोध के लिए समर्पित कर दिया। उन्हें 2019 में पद्म विभूषण और 2015 में महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
