logo

किसान महापंचायत ने बोला मोदी और योगी सरकार पर हमला, मिशन देश बचाने का संकल्प

12507news.jpg

द फॉलोअप टीम, दिल्ली :
उत्तर प्रदेश के मुज़फ्फरनगर में किसानों की महापंचायत में तिल धरने की भी जगह न रही, इस बीच चर्चित किसान नेता और भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने उत्साहित होकर मोदी और योगी सरकार पर जमकर हमला बोला। कहा कि खेती-किसानी, शिक्षा, चिकित्सा और संविधान खतरे में हैं। इन सभी को बचाना है। मिशन उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड नहीं,  अब मिशन देश बचाने का होगा। 14 करोड़ बेरोजगार युवाओं के कंधों पर आंदोलन है। मोदी सरकार देश की हर चीज बेचने को तैयार है। भाजपा ने कहा था कि सरकार आएगी तो गन्ने का 450 रुपए भाव देंगे। पुरानी सरकारों ने 80 व 50 रुपए रेट बढ़ाया, पर योगी सरकार ने एक भी रुपया नहीं बढ़ाया। 12 हजार करोड़ से ज्यादा मिलों पर बकाया है।

 

किसने क्या  कहा
महापंचायत में देशभर से किसान और उनके नेता पहुंचे। सभी ने सरकार के खिलाफ हुंकार भरी। योगेंद्र यादव ने कहा कि गन्ना मूल्य नहीं बढ़ा, फसल बीमा के नाम पर धोखा किया। कर्जमाफी के नाम ढोंग किया। धर्म के नाम पर लोगों को सिर्फ बांटने का ही काम किया। मेधा पाटेकर ने कहा कि हमें वोट पर चोट करनी होगी। मोदी ने नोटबंदी की थी कि हमें वोटबंदी करके मोदी योगी को हराना है। किसान नेता दर्शन पाल सिंह ने कहा कि 8 अप्रैल 1857 को मेरठ में बगावत हुई थी और उसने अंग्रेजी शासन खत्म कर दिया था. अब उसी तरह का जोश मुजफ्फरनगर की यह पंचायत मोदी और योगी सरकार को सत्ताब से बाहर करने का कारण बनेगी। इनके अलावा किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी और भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत समेत कई किसान नेताओं ने अपनी बात रखी।

 

 

10 और 11 सितंबर को लखनऊ में बैठक
बलदेव सिंह राजेवाल, गुरनाम सिंह चड्डूनी, राकेश टिकैत समेत सभी पदाधिकारियों ने मंच से एलान किया कि यूपी मिशन की सोच के साथ महापंचायत की गई थी लेकिन अब यह पूरे देश का मिशन है। निर्णय लिया गया कि 10 और 11 सितंबर को लखनऊ में सभी किसान संगठन के पदाधिकारियों की एक बैठक होगी, जिसमें प्रदेश स्तर और जिला स्तर पर संयुक्त मोर्चा बनाए जाने पर मुहर लगाई जाएगी। 
 

27 सितंबर को भारत बंद का एलान
किसान महापंचायत में संयुक्त किसान मोर्चा ने एलान किया है कि तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे आंदोलन के तहत 27 सितंबर को भारत बंद किया जाएगा यह भी एलान किया गया कि अब संयुक्त किसान मोर्चा का गठन देश के प्रत्येक राज्य में और प्रत्येक जिले में भी किया जाएगा। 

 

लगे अल्लाहु अकबर और हर हर महादेव के नारे
महापंचायत के मंच से टिकैत ने कहा कि यूपी की योगी सरकार सांप्रदायिक दंगा कराने वाली सरकार है। भाजपा तोड़ने का काम करती है और हम जोड़ने का काम करते हैं। इसी धरती से अल्लाह-हू-अकबर और हर हर महादेव के नारे लगते रहे हैं और लगते रहेंगे। इसी के साथ टिकैत ने वहां मौजूद लोगों से नारे भी लगवाए।

 

गोदी मीडिया गो बैक के नारे लगे
किसान महापंचायत में सरकार से ज्यादा गुस्सा मीडिया पर दिखा। आजतक की चित्रा त्रिपाठी किसानों के लिए हरा कुर्ता पहन कर पहुंची थीं। लेकिन जैसे ही माइक पर वो बोल पड़ीं कि कोविड का पालन नहीं, मास्क नहीं, तो लोग नाराज हो गए। गोदी मीडिया गो बैक के नारे लगाने लगे। चित्रा को पुलिस ने सुरक्षा के बीच बाहर निकाला। उन्हें पुलिस थाने में जा कर शरण लेनी पड़ी। इधर, वहां जगह-जगह कई ऐसे भी पोस्टर लगे थे। एक बात और सुबह प्रशासन ने कुछ देर को वहां इंटरनेट भी बन्द किया था ताकि  यू ट्यूब, फेसबुक आदि के डिजिटल मीडिया असली ख़बर न दिखा सके।

सियासत में उबाल: प्रियंका के साथ वरुण भी बोले

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि किसान इस देश की आवाज हैं। किसान देश का गौरव हैं। किसानों की हुंकार के सामने किसी भी सत्ता का अहंकार नहीं चलता। खेती-किसानी को बचाने और अपनी मेहनत का हक मांगने की लड़ाई में पूरा देश किसानों के साथ है।

भाजपा सांसद वरूण गांधी ने ट्वीट किया कि, मुजफ्फरनगर में आज लाखों किसान धरना प्रदर्शन में जुटे हैं, वे हमारा ही खून हैं। हमें उनके साथ सम्मानजनक तरीके से फिर से जुड़ने की जरूरत है। उनके दर्द समझें, उनका नजरिया देखें और जमीन तक पहुंचने के लिए उनके साथ काम करें।