द फ़ॉलोअप टीम, दिल्ली:
अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे के बाद वहां के लोगों में देश छोड़ने की होड़ सीलग गयी है। लोगों में तालिबान का इतना खौफ है कि वो देश छोड़ने के लिए जान जोखिम में डाल रहे हैं। सोमवार को हवा में उड़ते प्लेन से गिरने के कारण तीन लोगों की मौत हो गई। यह अमेरिकी मिलिट्री एयरक्राफ्ट था। जानकारी के मुताबिक लोग इसकी बॉडी पर लटककर यात्रा कर रहे थे।

काबुल एयरपोर्ट से टेक ऑफ करने के बाद जैसे ही प्लेन हवा में पहुंचा, ये लोग एक-एक करके नीचे गिरने लगे। शहर के लोगों ने इन्हें गिरते हुए देखा। लेकिन अभी तक इनकी पहचान नहीं हो पाई है। काबुल शहर के ऊपर उड़ते प्लेन से गिरते लोगों का वीडियो भी सामने आया है।

इसमें एक के बाद एक लोग नीचे गिरते दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि देश छोड़ने के लिए ये लोग मिलिट्री प्लेन के टायरों के बीच में खड़े हो गए थे।

भगदड़ का माहौल है एयरपोर्ट पर
तालिबान के कब्जे के बाद अफगानिस्तान के काबुल एयरपोर्ट पर भरी भीड़ हो गयी है। फिलहाल एयरपोर्ट पर अमेरिकी सेना का कब्ज़ा है। रॉयटर्स के मुताबिक एयरपोर्ट पर हुई गोलीबारी में पांच लोग मारे गए हैं और कई लोग घायल हुए हैं।

6000 सैनिक तैनात करेगा एयरपोर्ट पर अमेरिका
अमेरिका ने कहा है कि वह अपने 6000 सैनिक एयरपोर्ट पर तैनात करेगा ताकि नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। अभी काबुल एयरपोर्ट पर भागदड जैसे हालात हैं। लोग देश छोड़ने के लिए हजोरो की तादाद में वहां जमा हो गए हैं। कई तो बिना समान लिए एयरपोर्ट पर पहुंच गए हैं।

काबुल में गाड़ियों की लूटपाट और फायरिंग हुई
काबुल के कई इलाके से लूटपाट की खबरें आ रही हैं। सरकारी नंबर प्लेट वाली गाड़ियां लूटी जा रही हैं। कुछ लोगों ने अपनी निजी गाड़ियां छीने जाने का भी दावा किया है। एयरपोर्ट के पास आवासीय कॉलोनी में गोलीबारी हुई है। वहीं सरकारी एजेंसियों के दफ्तरों में लूटपाट हुई है। तालिबान का कहना है कि अराजक तत्वों ने तालिबान के नाम पर लूटपाट की है और संवेदनशील दस्तावेज जला दिए हैं।
