logo

दिल्ली बॉर्डर: हूल दिवस मना रहे किसानों और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट

दिल्ली बॉर्डर: हूल दिवस मना रहे किसानों और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट
द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
आदिवासियों के साथ किसान भी समूचे देश में हूल दिवस मना रहे हैं। संयुक्त किसान मोर्चा ने ही 30 जून को जन गोलबंदी के साथ हूल दिवस मनाये जाने का निर्देश सभी इकाइयों को दिया था। खासकर दिल्ली  समेत झारखंड, छत्तीसगढ़, उड़ीसा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, उप्र और बंगाल के इलाकों में हूल दिवस कार्यक्रम की सूचना मिली है। अखिल भारतीय किसान मजदूर सभा महासचिव डॉ आशीष मित्तल के बकौल आदिवासियों का संघर्ष किसानों के संघर्ष का अभिन्न हिस्सा है। संयुक्त किसान मोर्चा ने अपने चल रहे किसान आंदोलन की, आदिवासियों के जमीन, वन उत्पाद, संस्कृति तथा राजनीतिक अधिकारों की रक्षा के लिए चल रहे संघर्षों के साथ एकजुटता जताई है। इस बीच गाजीपुर बॉर्डर से किसानों के साथ मारपीट की खबर आई है।

क्या है मामला
खबर है कि सुबह 10-11 बजे के करीब भाजपा नेता अमित वाल्मीकि का स्वागत गाजीपुर अंदोलन स्थल के पास भाजपा कार्यकर्ता ढोल-नगाड़े बजाकर कर रहे थे। आरोप है कि किसानों ने इसपर आपत्ति जताई और उनको काले झंडे दिखाना शुरू कर दिया। जिसके बाद देखते ही देखते किसानों और कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट होने लगी। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात घूंसे चले। दोनों गुटों के लोगों को चोट लगी है।

किसान का पक्ष
किसानों का कहना है कि जब सभी को पता है कि तीन कृषि कानूनों के खिलाफ सीमाओं पर किसानों का आंदोलन चल रहा है, तो भाजपा कार्यकर्ताओं को गाजीपुर बॉर्डर आंदोलन स्थल के पास जमा होने की जरूरत क्या थी। वो अपने नेता का स्वागत थोड़ी दूर पर भी कर सकते थे। वो आकर किसानों के साथ गालीगलौच करने लगे। नारेबाजी भी शुरू कर दी। इसपर अप्पति जताई तो उन्होंने पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। 

भाजपा का पक्ष
भाजपा महानगर उपाध्यक्ष रनिता सिंह के अनुसार भाजपा कार्यकर्ता अप नेता अमित वाल्मीकि के स्वागत के लिए एकत्र हुए थे। वे लोग कोरोना नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से खड़े हुए थे। इसी बीच किसान नेता के कुछ गुंडे हथियार लेकर आ गए। मां-बहनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। महिला कार्यकर्ताओं को चोट भी लगी है। उनकी करीब 70 से 80 गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की गई है।