द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
भारतीय सेना ने कोर ऑफ इंजीनियर्स में स्वदेशी रूप से विकसित और डीआरडीओ द्वारा डिजाइन किए गए शॉर्ट स्पैन ब्रिजिंग सिस्टम के पहले बैच को शामिल किया। सिस्टम को रक्षा अनुसंधान और विकास परिषद द्वारा डिजाइन किया गया है। इसका निर्माण एलएंडटी द्वारा किया गया है। सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे और डीआरडीओ प्रमुख डॉ. जी सतीश रेड्डी इस मौके पर मौजदू रहे।
आत्मनिर्भर भारत की दिशा में सार्थक कदम!
इस कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान थल सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने कहा कि ये शॉर्ट स्पैन ब्रिज पूरी तरह से मेड इन इंडिया है। इसका उत्पादन एलएंडटी द्वारा किया गया है। इसका डिजाइन डीआरडीओ ने तैयार किया है। ये आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक और कदम है। उन्होंने कहा कि ये सेना की क्षमता को बढ़ाएगा।
भारतीय सेना की इन इलाकों में बढ़ेगी ताकत
दरअसल शॉर्ट स्पैन ब्रिज का इस्तेमाल आमतौर पर सेना द्वारा किया जाता है। इसका इस्तेमाल सामान्यत पहाड़ी इलाकों में किया जाता है। बीच में पड़ने वाली ऐसी नदियों जिसके ऊपर कोई पुल नहीं है वहां सैन्य वाहनों को एक ओर से दूसरी ओर पहुंचाने के लिए इन शॉर्ट स्पैन ब्रिज का इस्तेमाल किया जाता है। ये उपकरण वहां मिनटों में अस्थायी पुल तैयार कर देता है। पूर्वी और उत्तर पूर्वी सीमा पर भारतीय सेना के ये बहुत काम आएगा।