द फॉलोअप डेस्कः
उत्तरकाशी जिले में सिलक्यारा टनल में 41 मजदूरों को बाहर निकालने की कोशिश अभी भी जारी है। इस बीच सुरंग में फंसे मजदूरों की पहली तस्वीरें सामने आई है। सामने आई तस्वीरों में सुरंग में फंसे मजदूर सेफ्टी हेलमेट लगाए हुए नजर आ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक सुरंग में फंसे 41 मजदूरों को पहली बार गर्म खाना भेजा गया। राहत की बात यह है कि सुरंग में मलबे के ढेर के पीछे मजदूर स्वस्थ दिख रहे हैं। ये मलबा गिरने की वजह से 10 दिन से फंसे हैं।
VIDEO | First visuals of workers stuck inside the collapsed Silkyara tunnel in #Uttarkashi, Uttarakhand.
— Press Trust of India (@PTI_News) November 21, 2023
Rescuers on Monday pushed a six-inch-wide pipeline through the rubble of the collapsed tunnel allowing supply of larger quantities of food and live visuals of the 41 workers… pic.twitter.com/mAFYO1oZwv

वॉकी टॉकी से हो रही बात
एक कैमरे को सुरंग के अंदर भेजा गया, कैमरे की इस फुटेज में फंसे सभी मजदूर एक साथ दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान मजदूरों से वॉकी-टॉकी पर बात भी की गई। 41 मजदूर एक हफ्ते से ज्यादा दिनों से सुरंग में फंसे हुए हैं। सोमवार (20 नवंबर) को 6 इंच की नई पाइपलाइन से पहली बार इन मजदूरों तक सॉलिड फूड पहुंचाने में कामयाबी मिली। नई पाइपलाइन के सहारे मलबे के पीछे एक कैमरा पहुंचा दिया है। बाहर स्क्रीन पर अब उनकी हर पल निगरानी हो पाएगी। वीडियो में दिख रहा है कि अंदर रोशनी का इंतजाम है। सभी मजदूर कैमरे के सामने खड़े होकर वॉकी-टॉकी से बात कर रहे हैं। टीम के सभी सदस्य पूरी तरह फिट दिख रहे हैं।

रात को भेजी खिचड़ी, सुबह भी गर्म नाश्ता
जानकारी के मुताबिक मजदूरों को सोमवार रात खिचड़ी भेजी गई। बोतलों में भरकर पाइप के सहारे उन तक खिचड़ी भेजी गई। सुबह भी उनके लिए गर्म नाश्ता तैयार किया गया। मजदूरों के पास मोबाइल, चार्जर जैसे उपयोगी सामान भी पहुंचाया गया है। टनल साइट पर एक बड़ी ड्रिलिंग मशीन भी पहुंच गई है, जिसकी मदद से टनल में ऊपर से ड्रिल किया जाएगा। मजदूरों को बाहर निकालने के लिए एक साथ ही 5 ऐक्शन प्लान पर काम किया जा रहा है। मलबे में ऑगर मशीन के जरिए लोहे की पाइप डालने की कोशिश की जा रही है।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N