logo

मछली ने शख्स को रातों-रात बनाया करोड़पति, एक-एक मछली 85 हजार रुपये में बिकी

मछली ने शख्स को रातों-रात बनाया करोड़पति, एक-एक मछली 85 हजार रुपये में बिकी

द फॉलोअप टीम, डेस्क: 

इस वीडियो को थोड़ा गौर से देखिए। खुला समुद्र, समुद्र में नाव और नाव में रखी ये मछलियां। इन मछलियों ने एक मछुआरे को अभी-अभी करोड़पति बना दिया है। इन मछलियों को पकड़ा महाराष्ट्र के चंद्रकांत तरे ने। चंद्रकात तरे भी साथियों के साथ नाव में बैठे हैं। इनके चेहरे की खुशी बताती है कि एक झटके में करोड़पति बन जाने का क्या मतलब होता है।

 

साथियों के साथ समुद्र में गये थे चंद्रकांत
गौरतलब है कि चंद्रकांत तरे अपने सात साथियों के साथ समुद्र में मछली पकड़ने गए थे। इनको वहां जाकर इतनी ही मछलियां पकड़नी थी कि उसे बेचकर परिवार का भरण पोषण हो जाये। उन्हें क्या मालूम था उनकी किस्मत बदलने वाली थी। कुदरत का करिश्मा देखिये, उनकी जाल में 1-2 नहीं बल्कि पूरी 157 घोल मछलियां फंस गईं। चंद्रकांत तरे और उनके साथियों ने जब इन मछलियों को बाजार में बेचा तो उन्हें कुल 1 करोड़ 33 लाख रुपये मिले। एक-एक मछली तकरीबन 85 हजार रुपये की बिकी। चंद्रकांत तरे ने सोचा भी नहीं था कि उनकी किस्मत ऐसे चमकेगी। 

सी गोल्ड भी कहलाती है घोल मछली
घोल मछली को सी गोल्ड भी कहा जाता है। घोल मछली काफी दुर्लभ है। किसी मछुआरे के जाल में एक-आधी भी घोल मछली फंस जाती है तो वो भगवान का शुक्रिया अदा करता है, और यहां तो चंद्रकांत की जाल में पूरी 157 घोल मछलियां फंस गई। इन मछलियों ने किसी तरह से आजीविका चलाने वाले चंद्रकांत तरे को एक झटके में धनवान बना दिया। 

कई चीजों के निर्माण में होता है इसका इस्तेमाल
आपके मन में ये सवाल जरूर होगा कि घोल मछली में ऐसा क्या होता है कि इसकी इतनी ज्यादा कीमत होती है। दरअसल, घोल मछली का उपयोग दवाइयां बनाने में किया जाता है। कॉस्मेटिक्स बनाने में भी घोल मछली का इस्तेमाल किया जाता है। घोल मछलियों की मांग पूर्वी एशिया के कई देशों में बहुत ज्यादा है। सर्जरी में इस्तेमाल होने वाले धागे भी घोल मछलियों से बनाया जाता है। इन्हीं विशेषताओं की वजह से घोल मछली की इतनी ज्यादा कीमत होती है।