logo

जलपरी बोट फायरिंग मामले में विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तानी उच्चायुक्त को किया तलब

जलपरी बोट फायरिंग मामले में विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तानी उच्चायुक्त को किया तलब

द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

अरब सागर में गुजरात तट के पास भारतीय मछुआरों पर फायरिंग मामले को लेकर भारत ने कड़ा रूख दिखाया है। विदेश मंत्रालय ने आज पाकिस्तान के उच्चायोग के एक वरिष्ठ राजनयिक को तलब किया। विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान राजनयिक को तलब कर बीते 6 नवंबर को पाकिस्तान की ओर से भारतीय मछुआरों पर अकारण की गई गोलीबारी की घटना को लेकर कड़ा विरोध दर्ज करवाया और मामले में स्पष्टीकरण भी मांगा। 

बीते छह नवंबर को हुई थी फायरिंग
गौरतलब है कि बीते 6 नवंबर को पाकिस्तान मेरिटाइम सिक्योरिटी एजेंसी ने भारतीय बोट जलपरी पर फायरिंग की थी। घटना के वक्त बोट में सात लोग सवार थे। ये सभी मछुआरे थे और अरब सागर के अपने सीमाक्षेत्र में मछली पकड़ने गये थे। गोलीबारी की घटना में महाराष्ट्र के पालघर के रहने वाले श्रीधर चामरे का निधन हो गया। वो बोट के कैबिन में थे। उनको 3 गोलियां लगी। फायरिंग में बोट के मालिक जयंतीभाई राठौड़ सहित 1 मछुआरा घायल हो गया। 

ओखा पुलिस में प्राथमिकी दर्ज की
मामले में गुजरात को ओखा पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। घायल मछुआरों का इलाज भी ओखा में ही करवाया जा रहा है। रविवार को मामले में भारत ने कहा था कि घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। मामले की जांच की जा रही है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा था कि कूटनीतिक स्तर पर मामले को पाकिस्तान के सामने उठाया जायेगा। 

पाकिस्तानी जेलों में बंद भारतीय
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि ऐसा पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान ने उस इलाके में नापाक हरकत की हो। इससे पहले भी पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियां भारतीय मछुआरों को गैर कानूनी तरीके से पकड़ कर पाकिस्तानी जेलों में कैदी बनाती रही हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक मौजूदा समय में 270 मछुआरे और 49 आम नागरिक पाकिस्तान की जेलों में बंद हैं, वहीं 77 पाकिस्तानी मछुआरे और 264 पाकिस्तानी नागरिक भारतीय जेलेों में बंद हैं।