logo

पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य हॉस्पिटल में भर्ती, कोरोना संक्रमित होने पर हालत नाजुक

पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य हॉस्पिटल में भर्ती, कोरोना संक्रमित होने पर हालत नाजुक
द फॉलोअप टीम, कोलकाता: 

पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री और सीपीएम के कद्दावार नेता बुद्धदेव भट्टाचार्य को कोलकाता के वुडलैंड्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। बुद्धदेव भट्टाचार्य 19 मई को कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। तब से उनका घर में इलाज किया जा रहा था। कोलकाता स्थित उनके आवास पाम एवेन्यू में ही जरूरी चिकित्सा संसाधन जुटाकर बुद्धदेव भट्टाचार्य का इलाज किया जा रहा था। स्थिति बिगड़ने पर हॉस्पिल में भर्ती कराया गया। 

चक्रवाती तूफान की वजह से लिया फैसला
मिली जानकारी के मुताबिक बुद्धदेव भट्टाचार्य को हॉस्पिटल में भर्ती करवाने के पीछे चक्रवाती तूफान यास भी एक बड़ी वजह है। दरअसल, यास चक्रवात की वजह से आने वाले 2 दिन तक मौसम खराब रहेगा। रास्ते ब्लॉक हो सकते हैं। जलजमाव हो सकता है। बिजली आपूर्ति बाधित हो सकती है। वैसे में यदि बुद्धदेव भट्टाचार्य की हालत बिगड़ जाती तो अस्पताल ले जाना मुश्किल होता। यही वजह है कि परिजनों ने एहतियातन पूर्व मुख्यमंत्री को हॉस्पिटल में भर्ती करवा दिया। 

2000 से 2011 तक बंगाल के सीएम रहे थे
गौरतलब है कि बुद्धदेव भट्टाचार्य से पहले उनकी पत्नी मीरा भट्टाचार्य भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई थीं। उनको सांस लेने में तकलीफ होने के बाद अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। स्थिति में सुधार होने के बाद मीरा भट्टाचार्य को 24 मई को हॉस्पिटल से छुट्टी मिल गई। अब पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य की तबीयत खराब है। एहतियातन उनको कोलकाता के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बता दें कि बुद्धदेव भट्टाचार्य 2000 से 2011 तक पश्चिम बंगाल के सीएम रहे।