logo

जीतराम मुंडा के हत्यारों की जल्द हो गिरफ्तारी, वरना आंदोलन को बाध्य होगी भाजपा: रघुवर दास

13151news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 

झारखंड में अराजकता और भय का माहौल हो गया है। इस सरकार में अपराधी बेलगाम हो गये हैं। इस अक्षम और निष्क्रिय सरकार के कारण राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से चौपट हो गयी है। चौपट हो भी कैसे नहीं, मंत्री-विधायक, अधिकारी सबके सब केवल और केवल तुष्टिकरण की राजनीति में व्यस्त हो गये हैं। हर काम में सरकार अपना वोट बैंक देख रही है। 

रघुवर दास ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात
उक्त बातें झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने कहीं। रघुवर दास आज भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष जीतराम मुंडा के परिजनों से मिलने के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। जीतराम मुंडा जी की पिछले दिनों अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी थी। रघुवर दास ने कहा कि हमारी सरकार में अपराधी छिपते फिर रहे थे, वे ही आज खुलेआम हत्या, बलात्कार जैसे जघन्य अपराधों को अंजाम दे रहे हैं और सरकार कान में तेल डालकर सोई हुई है। 

झारखंड में प्रताड़ित किए जा रहे हैं आदिवासी
रघुवर दास ने कहा कि इन्हें सरकार का भी संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा कि अपने आप को आदिवासी हितैषी सरकार बताने वाली हेमंत सरकार में सबसे ज्यादा आदिवासी ही प्रताड़ित हो रहे हैं। चाहे रूपा तिर्की का मामला हो या चाईबासा में आदिवासियों का नरसंहार। यहां तक कि मुख्यमंत्री जी के विधानसभा क्षेत्र में भी बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं। बंगाल की तरह ही झारखंड में भी विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है, जिसे भाजपा कार्यकर्ता बर्दाश्त नहीं करेंगे। 

जीतराम मुंडा के हत्यारों की जल्दी गिरफ्तारी हो
रघुवर दास ने हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जीतराम मुंडा के हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी हो, नहीं तो हम भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरेंगे। उन्होंने कहा कि जीतराम मुंडा के परिजनों के साथ भाजपा परिवार खड़ा है। इसके बाद रघुवर दास ने गोलीबारी में घायल राजकिशोर साहू से अस्पताल में जाकर हालचाल लिया।