द फॉलोअप टीम, शिमला:
हिमाचल प्रधेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का गुरुवार तड़के निधन हो गया। वीरभद्र सिंह 87 साल के थे। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज में अंतिम सांस ली। वे 2 महीने से यहां भर्ती थे। सोमवार को उनको सांस लेने में तकलीफ के बाद वेंटिलेटर पर रखा गया था। कहा जा रहा है कि पोस्ट कोविड जटिलताओं की वजह से वीरभद्र सिंह का निधन हो गया।
दो बार कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे वीरभद्र सिंह
वीरभद्र सिंह को दो बारा कोरोना हो गया था। वे पहली बार 12 अप्रैल और दूसरी बार 11 जून को कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। बुधवार को ही इंडिरा गांधी मेडिकल कॉलेज के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. जनक राज ने कहा था कि वीरभद्र सिंह की हालत गंभीर है। हालांकि उन्होंने ये भी कहा था कि उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि वीरभद्र सिंह का जन्म 23 जून साल 1934 को हुआ था। उनके पिता पदम सिंह बुशहर रियासत के महाराज थे।
साल 1962 में शुरू हुआ था राजनीतिक जीवन
वीरभद्र सिंह के राजनीतिक करियर की बात करें तो साल 1962 में वे पहली बार महासू सीट से लोकसभा का चुनाव जीते। साल 1067, 1971, 1980 और 2009 में लोकसभा के लिए चुने गए। वीरभद्र सिंह उससे पहले रोहड़ू सीट से विधानसभा का चुनाव लड़ते थे। बाद में रोहड़ू सीट आरक्षित हो गई तो साल 2012 में शिमला ग्रामीण सीट से चुनाव लड़ने लगे। 2017 में उन्होंने ये सीट बेटे विक्रमादित्य के लिए छोड़ दी और अर्की सीट से चुनाव लड़े। फिलहाल वो अर्की सीट से विधायक थे।
छह बार हिमाचल प्रदेश के सीएम रहे वीरभद्र सिंह
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह 1983 से 1985 तक पहली बार, 1985 से 1990 तक दूसरी बार, 1993 से 1998 तक तीसरी बार, 1998 से कुछ दिनों के लिए चौथी बार, 2003 से 2007 तक पांचवी बार औऱ 2012 से 2017 तक छठी बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। यूपीए गठबंधन सरकरा में केंद्रीय इस्पात मंत्री भी रहे। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग मंत्रालय भी संभाला। इंदिरा गांधी सरकार में भी 1976 से 1977 तक केंद्रीय पर्यटन और विमानन मंत्री रहे। 1982 से 1983 तक केंद्रीय उद्योग राज्यमंत्री रहे।
राहुल गांधी ने ट्वीट कर निधन पर दुख जताया
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने वीरभद्र सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। राहुल गांधी ने ट्वीट किया जिसमें लिखा कि वीरभद्र सिंह जी सही मायनों में एक दिग्गज थे। लोगों औऱ कांग्रेस पार्टी की सेवा करने की उनकी प्रतिबद्धता अंत तक अनुकरणीय रही। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। हमें वो याद आएंगे।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने किया याद
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट में लिखा कि हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्री के निधन से गहरा दुख हुआ। पार्टी और लोगों की सेवा में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनके परिवार के सदस्यों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना...वे मजबूत बने रहें। मैं ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं।
शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर दी श्रद्धांजलि
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी वीरभद्र सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने ऑफिशियल ट्विटर पर लिखा कि हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन पीड़ा सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। विनम्र श्रद्धांजलि!
पीएम मोदी ने दिवंगत वीरभद्र सिंह को किया याद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर वीरभद्र सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया। पीएम मोदी ने लिखा कि श्री वीरभद्र सिंह जी का लंबा राजनीतिक जीवन था। उनके पास समृद्ध प्रशासनिक और राजनीतिक अनुभव था। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। राज्य के लोगों की काफी प्रतिबद्धता से सेवा की। मैं उनके निधन से दुखी हूं। पीएम मोदी ने लिखा कि उनके परिवार और चाहने वालों के प्रति मेरी संवेदना है। ओम शांति।