द फॉलोअप टीम, बेंगलुरु:
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता बीएस येदियुरप्पा को वर्ष 2020-21 के लिए सर्वश्रेष्ठ विधायक चुना गया है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बीएस येदियुरप्पा को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। गौरतलब है कि बीएस येदियुरप्पा ने हाल ही में कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया है। उनकी जगह वरिष्ठ बीजेपी नेता और पूर्व मंत्री बसवराज बोम्मई को मुख्यमंत्री बनाया गया। येदियुरप्पा संगठन में सक्रिय हैं।

कर्नाटक में भी शुरू होगी ये परंपरा
बीएस येदियुरप्पा को सम्मानित किए जाने के मौके पर कर्नाटक विधानसभा के अध्यक्ष विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी ने कहा कि लोकसभा और राज्यसभा में प्रतिवर्ष दिए जाने वाले सर्वश्रेष्ठ सांसद पुरस्कार की तर्ज पर कर्नाटक में भी विधानसभा सदस्यों के लिए सर्वश्रेष्ठ विधायक का पुरस्कार दिए जाने की शुरुआत की जा रही है। येदियुरप्पा ने कहा कि वो काफी खुश हैं।

येदियुरप्पा को पद से हटाया गया था
गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष आलाकमान ने कर्नाटक में बड़ा राजनीतिक फेरबदल करते हुए बीएस येदियुरप्पा को हटाकर बसवराज बोम्मई को मुख्यमंत्री बनाया था। कहा जा रहा है कि कर्नाटक कैबिनेट में कई मंत्री येदियुरप्पा के काम करने के तरीके से खुश नहीं थे। बीजेपी आलाकमान वहां आगामी चुनावों में कोई जोखिम नहीं लेना चाहता था।